महासमुन्द

तापमान में उतार-चढ़ाव, अस्पतालों में मौसमी मरीजों की संख्या बढ़ी
27-Dec-2023 2:46 PM
तापमान में उतार-चढ़ाव, अस्पतालों में मौसमी मरीजों की संख्या बढ़ी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 दिसंबर।
पिछले सप्ताह भर से रात के तापमान में उतार चढ़ाव तथा दिन में तेज धूप की वजह से अस्पतालों में मौसमी मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। इन दिनों अस्पतालों में सर्दी, खासी तथा विंटर फीवर के मरीज ज्यादा पहुंच रहे हैं। जिनमें से बच्चों व सीनियर सिटिजंस की संख्या अधिक है। स्थिति यह है कि रोजाना अस्पताल में कतार लग रही है। 

मिली जानकारी के अनुसार पिछले तीन दिनों से ठंड के बाद फिर तापमान में हल्की वृद्धि हुई है। कल दिन में तेज धूप खिली हुई रही। मौसम में बदलाव के कारण एक बार फिर सर्दी, खांसी के मरीज एकाएक बढ़ गए हंैं। अचानक हुए इस परिवर्तन की वजह से इसका असर बच्चों की सेहत पर अधिक नजर आ रहा है। 

मालूम हो कि सप्ताह भर से मौसम बदला हुआ है। क्षेत्र में चार-पांच दिनों से दिन के समय गर्मी तथा रात के समय ठंड पड़ रही हैं। जिसके कारण आलम यह है कि जिले के निजी व सरकारी अस्पतालों में मरीजों की संख्या रोज बढ़ रही है। जिला अस्पताल में भी सुबह से दोपह बाद तक मरीजों की लंबी कतारें लग रही हैं। चूंकि अस्पताल में चिकित्सकों की संख्या पर्याप्त है। लिहाजा मरीजों को परेशानी नहीं उठानी पड़ रही है। जानकारी अनुसार जिला अस्पताल में रोजाना 400 तक मरीज ओपीडी में आ रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि इन दिनों मरीजों की संख्या में दोगुने से अधिक इजाफ ा हुआ है।

 


अन्य पोस्ट