महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 दिसंबर। महासमुंद के सरायपाली में नगरीय निकायों की सत्ता में काबिज होने की कोशिश में जुटी सत्ताधारी भाजपा को पहली कामयाबी हासिल हुई है। महासमुंद जिले के सराईपाली नगरपालिका में अध्यक्ष के खिलाफ लाये गए अविश्वास प्रस्ताव पर आज वोटिंग हुई और कांग्रेस के अध्यक्ष को कुर्सी छोडऩी पड़ी।
मालूम हो कि भाजपा के तीन पार्षदों ने पिछले दिनों जिला कलेक्टर को अध्यक्ष के खिलाफ प्रस्ताव लाने का आवेदन किया था। जिसके बाद यहां पार्षदों के बीच वोटिंग कराई गई थी। इस जीत के बाद भाजपा खेमे में जश्न का माहौल है। शहर में जगह-जगह आतिशबाजी की जा रही है।
रिटर्निंग ऑफिसर दुर्गेश वर्मा (अपर कलेक्टर) ने बताया कि सरायपाली नगर पालिका अध्यक्ष अमृत पटेल (कांग्रेस पार्टी) के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव आज सर्वसम्मति से पास हो गया है। इस प्रस्ताव के पक्ष में 12 वोट पड़े तथा विपक्ष में 3 वोट पड़े। अब नगरपालिका के अध्यक्ष का पद रिक्त माना जाएगा।
गौरतलब है कि कांग्रेस समर्थित नगर पालिका अध्यक्ष के विरुद्ध यह दूसरी बार अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। पिछली बार भी भाजपा पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव लाया था, जिसमें अध्यक्ष की जीत हुई थी, लेकिन वे इस बार अपनी कुर्सी बचा पाने में नाकाम रहे।
सरायपाली नगर पालिका परिषद में पार्षदों की कुल संख्या 15 है। वर्तमान में भाजपा के 8 पार्षद, कांग्रेस के 4 पार्षद तथा निर्दलीय 3 पार्षद है। अमृत पटेल कांग्रेस पार्टी से नगर पालिका अध्यक्ष थे।