महासमुन्द
महासमुंद,25 दिसंबर। राज्य शहरी विकास अभिकरण छत्तीसगढ़ के निर्देश पर राज्य के सम्पूर्ण निकायों में स्वच्छ भारत मिशन के तहत विश्व शौचालय दिवस मनाया जा रहा है। उक्त निर्देश के तहत महासमुंद नगर पालिका द्वारा 20 नवंबर से 24 दिसंबर तक स्वच्छता शौचालय का अभियान चलाया गया। इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी टॉमसन रात्रे ने बताया है कि इस अभियान के तहत निकाय क्षेत्र में स्थित सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति को शामिल किया गया है जिसमें एनयूएलएम द्वारा गठित प्रिंस स्व सहायता समूह के सदस्यों ने वार्ड 15 स्थित टाऊन हॉल के पास, बस स्टैंड स्थित, वार्ड 6 नयापारा स्थित सार्वजनिक शौचालयों तथा नगर के समस्त पेट्रोल पंप के शौचालयों का निरीक्षण कर शासन द्वारा जारी मानकों के आधार पर ग्रेडिंग की है।
शौचालय की ग्रेडिंग के लिए चेकलिस्ट में मुख्य रूप से प्रथम बिंदु में अवलोकन शामिल है। जिसमें समतल हवादार एवं प्रकाश युक्त शौचालय, सभी सीटों पर पानी की सप्लाई, कुंडी सिटकिनी की व्यवस्था, पानी एवं साबुन के साथ वाश बेसिन की व्यवस्था, महिला एवं पुरुष के लिए पृथक-पृथक प्रवेश द्वार, शौचालय की सभी सीटें साफ सुथरी, शौचालय में डस्टबिन की व्यवस्था, कैरेटकर की व्यवस्था आदि की जांच कर ग्रेडिंग की गई है। इस अवसर पर प्रिंस महिला स्व सहायता समूह के सदस्यों सहित स्वच्छ भारत मिशन के समन्वयक नीतू प्रधान, मिशन मेनेजर अभिनव दुबे मौजूद रहे।