महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,24 दिसंबर। यह शहर के मुख्य मार्ग में निर्मित तुमगांव ओव्हरब्रिज की दीवार है जिसमें पालिका के निर्देश पर चित्रकारों द्वारा भगवान रामजानकी के साथ देश और राज्य की संस्कृति, देश के ऐताहासिक स्थल तथा साधु महात्माओं की तस्वीर उकेरी जा रही है।
कल शनिवार को नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने इस पेंटिंग कार्य का निरीक्षण किया और चित्रकारों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि महासमुंद शहर को सुंदर, स्वच्छ और सुरक्षित बनाने की दिशा में उनका कार्य निरंतर जारी है। इन तस्वीरों के माध्यम से लोगों को धार्मिक आस्था से जोडऩे के साथ उन्हें अपने देश और राज्य की संस्कृति और ऐताहासिक स्थलों और इतिहास की जानकारी भी देना है। मालूम हो कि शहर के मुख्य मार्ग पर स्थित आत्मनंद हिंदी मीडियम स्कूल की दीवारों पर देश की आजादी के लिए बलिदान हुए शहीदों और देश दुनिया के महान वैज्ञानिकों की तस्वीरें उकेरी गई है। जो बर्बस ही राहगीरों को अपनी ओर आकर्षित करता है।