महासमुन्द
निरस्त करने की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 दिसंबर। केन्द्रीय सहकारी बैंक पिरदा अंतर्गत प्राथमिक साख सहकारी समिति पथरला पं.क्र.1204 के धान उपार्जन केन्द्र पथरला के प्रभारी प्रहलाद प्रधान के निलंबन आदेश के विरोध में किसानों ने कल धान खरीदी केन्द्र में जबरदस्त प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी किसानों ने बताया कि प्रहलाद प्रधान की कोई गलती नहीं है। क्षेत्र के किसान देवेंद्र का धान टोकन क्रमांक टी के 58005201232400168 धान उपार्जन केन्द्र में उसके भाई ने लाया था। नमी मापक यंत्र में जांच करने पर 22.3 नमी पाये जाने के कारण किसान का धान वापस किया गया।
मालूम हो कि जिला नोडल अधिकारी ने निरीक्षण के दौरान इस मामले मेंं 17 प्रतिशत से अधिक नमी के कारण धान खरीदी नीति वर्ष 2023-24 के प्रावधानों का घोर उल्लघन पाया है। नोडल अधिकारी ने प्रहलाद प्रधान को दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुये पथरला समिति के अन्य कर्मचारी धरमसिंह चौधरी को तीन दिवस के भीतर चार्ज देने आदेश जारी किया है। इस मामले में किसानों का कहना है कि नमी मापक यंत्र खराब है। सही नहीं बता रहा है।
मामले में जिला नोडल अधिकारी ने पिरदा शाखा के सुपरवाइजर को आदेशित किया है कि उपार्जन केन्द्र प्रभारी को निलंबित किया जाये। सुपरवाइजर राधेश्याम भोई ने बताया कि नोडल अधिकारी के द्वारा आदेश दिया गया है, उसका मैंने पालन किया है। यहां पर की सारी वस्तु स्थिति से जिला नोडल अधिकारी को किसानों के हित में अवगत करा दिया जायेगा।
इसी निलंबन और धान खरीदी को लेकर क्षेत्र के सैकड़ों किसानों ने कल आक्रोश प्रदर्शन कर उक्त आदेश पर आपत्ति जताई है। किसानों के आक्रोश प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मौके पर पिथौरा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं तहसीलदार धान उपार्जन केन्द्र पथरला पहुंचे थे। किसानों ने जबरदस्त आक्रोश प्रदर्शन कर एस डी एम के खिलाफ नारेबाजी की।