महासमुन्द

आंवलाचक्का हत्या, दो आरोपियों को उम्र कैद
23-Dec-2023 2:20 PM
आंवलाचक्का हत्या, दो आरोपियों को उम्र कैद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 23 दिसंबर। सरायपाली के ग्राम आंवलाचक्का में चार साल पहले एक व्यक्ति की हत्या के मामले में प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश शोभना कोष्टा ने 2 आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।

अपर लोक अभियोजक आरएल पटेल से मिली जानकारी अनुसार विगत 6 जनवरी 2020 को प्रार्थिया सोना यादव ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया कि उनके पति ठण्डाराम यादव 4 जनवरी 2020 की रात्रि लगभग 9 बजे से अपने मोटर सायकल में कहीं चले गए हैं और अब तक वापस नहीं लौटे हैं।

पुलिस द्वारा गुम इंसान दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही थी। जांच के दौरान यह शिकायत सामने आई कि बसंत चौहान निवासी ग्राम आंबलाचक्का एवं शीतल चौहान उर्फ  काशीनाथ ने सरायपाली थाना क्षेत्रांतर्गत झारबंद नाला के किनारे स्थित एक खेत के पास ठण्डाराम के सिर पर टंगिया से वार कर उसकी हत्या कर दी। साथ ही साक्षय छुपाने के लिए मृतक के कपड़े एवं मोटरसायकल को जला दिया तथा शव को भी पास के खेत में पैरा में छुपा दिया था।

पुलिस ने दोनों के विरूद्ध धारा 302, 201, 435 के तहत अपराध कायम किया था। वहीं गजलाल उर्फ  बाबूलाल एवं विजय यादव के विरूद्ध धारा 120 बी के तहत यह आरोप है कि उन्होंने 4 जनवरी 2020 के पूर्व ठण्डाराम के साथ जमीन बंटवारा संबंधी विवाद के कारण अपने भाई ठण्डाराम की षडयंत्र पूर्वक हत्या करवाने का सौदा बसंत चौहान के साथ 81 हजार रूपए में किया था। इस सौदे के अनुसरण में 11 हजार रुपए बसंत को दिया गया था। जिस पर बसंत ने शीतल चौहान के साथ मिलकर ठण्डाराम की हत्या की। पुलिस द्वारा मामले के संपूर्ण विवेचना के उपरांत अभियोग पत्र न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

न्यायालय में मामले के संपूर्ण विचारण के उपरांत अभियुक्त बसंत एवं शीतल को दोषी पाए जाने पर उन्हें हत्या के अपराध के लिए धारा 302 के तहत आजीवन कारावास की सजा अपर सत्र न्यायाधीश शोभना कोष्टा ने सुनाई। वहीं गजलाल एवं विजय यादव जो घटना के बाद से लगभग 3 साल 11 माह बाद तक पुलिस अभिरक्षा में बिता चुके हैं, उन्हें रिहा किया गया।


अन्य पोस्ट