महासमुन्द
शिविर लगाकर किसानों को प्रमाण पत्र
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 दिसंबर। आगामी 25 दिसबर को सुशासन दिवस पर जिले के किसानों के खाते में साल 2016-17 व 2017-18 का बकाया बोनस आएगा। इस दिन शासकीय अवकाश होने के बाद भी शिविर लगाकर किसानों को प्रमाण पत्र बांटे जाएंगे। रकम सीधे किसानों के खाते में आएगी। इसलिए किसानों को ज्यादा समस्या नहीं होगी क्योंकि वर्तमान में किसान धान बिक्री रकम निकालने के लिए सहकारी बैंक पहुंच ही रहे हैं।
मालूम हो कि भाजपा के घोषणा पत्र के अनुसार किसानों को सुशासन दिवस पर खरीफ वर्ष 2016-17 और 2017-18 के बकाया बोनस का भुगतान किया जाएगा। वर्ष 2016-17 में जिले के 92,767 किसानों ने 61 लाख 37 हजार 356 क्विंटल धान बेचा था। बकाया बोनस प्रति क्विंटल 300 रुपए के हिसाब से 184.12 करोड़ रुपए मिलेगा।
इसी तरह साल 2017-18 में जिले के 90939 किसानों ने 55 लाख 60 हजार 796 क्विंटल धान बेचा था। इसके हिसाब से बकाया बोनस 166.82 करोड़ रुपए मिलेगा। कुल मिलाकर करीब 350 करोड़ रुपए का भुगतान किया जाएगा। वर्तमान में किसान खेतों में कटाई करते या समिति में धान बेचते या सहकारी बैंक में रकम निकालते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं कई किसान खरीफ फसल की उपज बिक्री कर रबी की तैयारियों में लगे हुए है। वहीं किसानों को अभी भी 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान खरीदी की घोषणा का इंतजार है। काउंटर से रकम निकालने की सुविधा सहकारी बैंक में किसान धान बिक्री रकम निकालने रोज पहुंच रहे हैं। किसानों की संख्या के आधार पर काउंटर को कम.ज्यादा किया जाता है।
प्रबंधक ने बताया कि वर्तमान में 2 काउंटर के माध्यम से रकम दी जा रही है। किसानों की संख्या बढऩे पर काउंटर 3-4 भी किया जाता है। वहीं मंगलवार से किसान बोनस रकम निकालने पहुंचेंगे, तब संभावना है कि काउंटर बढ़ाए जाएंगे। शिविर लगाकर किसानों को देंगे प्रमाण पत्र बोनस वितरण के लिए 25 दिसंबर को शासकीय अवकाश होने के बाद भी प्रशासन की ओर से शिविर आयोजित की जाएगी।
सहकारी बैंक के प्रबंधक बीएल राणा ने बताया कि सुशासन दिवस पर बोनस वितरण के संबंध में शिविर आयोजित की जाएगी। साथ ही सभी समितियों में भी कार्यक्रम होंगे।