महासमुन्द
जांच कर होगी कार्रवाई -एसडीएम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,15 दिसंबर। जिले में एनजीटी के नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही है। बुधवार को जिला मुख्यालय से लगे ग्राम मचेवा में कुछ किसानों ने अपने खेतों में रबी फसल लगाने के लिए खरीफ फसल की कटाई के बाद खेतों में फसल के बचे अवशेष पराली को आग के हवाले कर दिया। पराली जलने के बाद उससे निकलने वाले धुंए से आसपास के मुख्यालय से लगे गांवों में वायु प्रदूषण फैला। साथ ही निवासरत नागरिक और मार्ग में चलने वाले राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मालूम हो कि मचेवा में एक निजी विद्यालय और समीप में ही शासकीय पीजी कॉलेज भी स्थित है। जिले में पराली जलाने की घटना आम बात हो गई है। यहां यह बताना भी लाजमी है कि करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर जिले के सभी प्रशासनिक अफसरों के सरकारी आवास स्थित है जहां तक भी धुंआ पहुंचता है। इस मामले में महासमुंद एसडीएम उमेश साहू का कहना है कि अखबार के माध्यम से पराली जलाने की जानकारी मिली है। इसकी जांच कराई जाएगी और उचित कार्रवाई की जाएगी।