महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,14 दिसंबर। शहर की साफ सफाई, निर्माण कार्य की प्रगति सहित अन्य कार्य की समीक्षा को लेकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी टॉमसन रात्रे ने नगर पालिका के विभाग प्रमुखों के साथ मंगलवार को बैठक ली। उन्होंने सर्वप्रथम समस्त अधिकारियों-कर्मचारियों को मुख्यालय में निवास करने का प्रमाण पत्र देने का निर्देश दिया। स्वच्छता प्रभारी से शहर में हो रहे साफ सफाई के बारे में गहन समीक्षा करते हुए सफाई के पहले एवं सफाई के बाद की फोटो पालिका के वाट्सएप ग्रुप में डालने कहा।
अनाधिकृत रूप से सडक़ किनारे, खुले में मांस, मटन, मुर्गा, मछली बेचने वालों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें मटन मार्केट में ही व्यवस्थापित करने के निर्देश दिए।
शहर में चल रहे अतिक्रमण के बारे में अतिक्रमण प्रभारी से जानकरी लेते हुए अतिक्रमण को जल्द से जल्द हटाने का निर्देश दिए। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने शहर के डोर टू डोर कचरा कलेक्शन के कार्यों के बारे में स्वच्छ भारत मिशन के समन्वयक एवं नोडल अधिकारी से गहन समीक्षा करते हुए सभी सफाई मित्रों का रूट चार्ट बनाकर देने के आदेश दिए। सफाई कर्मचारियों को निष्ठा ऐप में अटेंडेंस लगाने के निर्देश दिए जिससे कि सभी सफाईकर्मी समय पर आ सकें।
शहर में मच्छर के प्रकोप को देखते हुए एंटीलार्वा का छिडक़ाव कराने एवं फागिंग मशीन से धुआं प्रत्येक वार्ड मेंं कराने के आदेश दिये। केन्द्र एवं राज्य की सभी योजना के कार्यों में प्रगति के बारे में समीक्षा करते हुए प्रधान मंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि योजना में अब तक जो प्रकरण बैंकों को प्रेषित किये गए हंै, उन समस्त प्रकरणों में बैंकों से संपर्क कर सकारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान बैठक में सभी विभाग प्रमुख उपस्थित रहे।