महासमुन्द

ओडिशा का 137 क्विंटल धान ट्रक समेत जब्त
14-Dec-2023 3:33 PM
ओडिशा का 137 क्विंटल धान ट्रक समेत जब्त

मंडी व राजस्व टीम की संयुक्त कार्रवाई 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,14 दिसंबर।
मंडी एवं राजस्व टीम की संयुक्त कार्रवाई में पैकिन के एक व्यक्ति से 343 बोरा वजन 137 क्विंटल ओडिशा का धान जब्त किया गया है। 
मालूम हो कि अवैध धान परिवहन पर अब जिला प्रशासन सख्त हो गया है। सभी सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन निगरानी रखी जा रही है। कार्रवाई लगातार जारी है। कल पुन: राजस्व एवं मंडी की संयुक्त टीम ने ग्राम पैकिन के एक व्यक्ति के पास से 137 क्विंटल ओडिशा का धान जब्त किया है।

गौरतलब है कि हर साल समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही सरायपाली अंचल में ओडिशा क्षेत्र से धान लाकर खपाने का  सिलसिला भी शुरू हो जाता है। हालांकि प्रतिवर्ष राजस्व, मंडी एवं खाद्य विभाग के द्वारा धान के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जाता है। इसके बावजूद इस पर पूरी तरह लगाम नहीं लग पाता। इस वर्ष भी अवैध परिवहन को रोकने के लिए प्रशासन के द्वारा विभिन्न चेक पोस्ट बनाये गए हैं तथा अनेक मार्गों पर भी नजर रखी जा रही है।

इसी कड़ी में कल मुखबिर से सूचना मिली कि प्रभास मिश्रा निवासी ग्राम पैकिन सरायपाली के द्वारा ओडिशा से ट्रक में धान लाकर अपने घर में खाली किया जा रहा है। मंडी सचिव सुशील कुमार साहू को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नायब तहसीलदार आर. एल. चौहान की अगुवाई में मंडी तथा राजस्व की संयुक्त टीम ने रात्रि 10.30 बजे वाहन में लदे धान 343 बोरा वजन लगभग 137.20 क्विंटल वाहन सहित जब्त कर अग्रिम कार्रवाई होने तक थाना सिंघोड़ा के सुपुर्द किया है।
 


अन्य पोस्ट