महासमुन्द
महासमुंद,13 दिसंबर। बसना विधानसभा के नव निर्वाचित विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल ने अवैध शराब की बिक्री और मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। डॉ.अग्रवाल ने आबकारी विभाग के अधिकारी एवं पुलिस प्रशासन को अवैध शराब बिक्री और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अन्य विभागों के साथ समन्वय बनाकरए सूचना तंत्र को मजबूत करते हुए सुनियोजित कार्ययोजना के साथ कार्रवाई करने को कहा। इस दौरान उन्होंने अन्य राज्यों से आने वाले मदिरा विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण, राज्य में अवैध मदिरा एवं अन्य मादक पदार्थों के निर्माण,संग्रहण, परिवहन, तस्करी, कालाबाजारी, मिलावटी शराब विक्रय पर कठोर कार्रवाई करने कहा।
साथ ही उन्होंने कहा कि गांवों व शहर में अवैध शराब बेचने की शिकायतों तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई कर शिकायतों के निराकरण करें। अगर अधिकारी कार्रवाई नहीं करते हैं तो शिकायतकर्ता विधायक कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
डॉ.अग्रवाल ने कहा कि जनसंपर्क के दौरान गांव-गांव में बने महिला समितियों सहित क्षेत्रवासियों द्वारा अवैध शराब बिक्री को लेकर अनेक शिकायते मिलीं हैं। इस पर संंज्ञान लेते हुए विधानसभा क्षेत्र में पूर्ण रूप से अवैध शराब की बिक्री पर लगाम लगाने आबकारी विभाग एवं पुलिस प्रशासन को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिये हंै।