महासमुन्द

बेमुद्दत हड़ताल पर डाक कर्मी, गांवों के डाकघरों में लटका ताला
13-Dec-2023 2:59 PM
बेमुद्दत हड़ताल पर डाक कर्मी, गांवों के डाकघरों में लटका ताला

महासमुंद,13 दिसंबर। अखिल भारतीय ग्रामीण डाक सेवक संघ के बैनर तले डाक कर्मी कल से चार सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। जिससे ग्रामीण क्षेत्र के डाकघरों में कामकाज पूरी तरह बंद रहा। प्रदेश भर के डाक कर्मी मुख्य डाक घर के परिसर में आंदोलनरत हैं।

 ग्रामीण डाक सेवक संघ के अध्यक्ष निर्मल शर्मा से मिली जानकारी अनुसार महासमुंद जिले के जीडीएस, एबीपीएम और बीपीएम केन्द्रीय संगठन के आह्वान पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। उनके सात सूत्रीय मांगों में 8 घंटे का काम पेंशन सहित भी सभी सरकारी लाभ, कमलेश चंद्र कमेटी की सिफारिश पर एसडीबीएस लाभ बढ़ाने और जोर जबरदस्ती से लक्ष्य पूरा करने का विरोध शामिल है।                 उन्होंने बताया कि महासमुंद लेखा परिक्षेत्र में कुल 32 डाक घर हंै जिसमें से 30 डाक घरों के 54 कर्मचारी हड़ताल पर हैं। वहीं जिले में कुल 450 डाक सेवक हैं जिससे इन डाक घरों में कामकाज पूरी तरह से बंद है। इसके अलावा जिले के सभी विकासखंड अंर्तगत लेखा क्षेत्र के ग्रामीण डाकघर बंद हैं। वहां के कर्मचारी अपने-अपने लेखा क्षेत्र में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं।             ग्रामीण डाक सेवकों की हड़ताल से ग्रामीण इलाकों के बैंकिंग सेक्टर से जुड़े काम बुरी तरह से प्रभावित हैं। केंद्र सरकार की एक महत्व पूर्ण योजना सुकन्या समृद्धि के खातों पर इसके असर की संभावना है। इसके अलावा एस बी आरडी जमा निकासी, एटीएम सुविधा, पत्र व्यवहार में काफी प्रभाव पड़ेगा।

डाक सेवक संघ के सचिव का कहना है कि ग्रामों में सर्वाधिक लोग डाक कर्मियों पर भरोसा कर रुपयों का लेन-देन करते हैं। सभी डाक सेवक इन दिनों जिला मुख्यालय में जुटे हैं। ऐसे में ग्रामों में स्थित डाक घरों में ताला लटक गया है।  रुपए सहित अन्य कार्यों के लिए ग्राहक भटक रहे हैं। कल हड़ताल के पहले दिन भी जमा निकासी के लिए ग्राहक भटकते रहे। चूंकि ग्रामीण इलाकों में डाकघर ही शासन की योजनाओं से संबंधित काम करता है। अत: वहां ग्रामीणों के बहुत से काम प्रभावित हैं।


अन्य पोस्ट