महासमुन्द

मौसम खुलने के बाद धान खरीदी फिर से शुरू
11-Dec-2023 3:14 PM
मौसम खुलने के बाद धान खरीदी फिर से शुरू

किसानों को सुशासन दिवस पर होगा 350 करोड़ रुपए बोनस भुगतान

कर्जमाफी की आस में जिले के करीब 82 हजार किसानों ने 437 करोड़ का कर्ज लिया है

 बारिश से पहले तक 50572 किसानों से करीब 25.22 लाख क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,11 दिसंबर। छत्तीसगढ़ में सरकार बदलने के साथ ही किसानों की कर्जमाफी की आस खत्म हो गई है। चूंकि बीजेपी के घोषणा पत्र में कर्जमाफ ी नहीं थी। अत: अब नई सरकार आने से किसानों को पूरा कर्ज चुकाना पड़ेगा। लेकिन आगामी 25 दिसंबर को किसानों को खरीफ वर्ष 2016-17 और 2017-18 के बकाया बोनस का भुगतान होगा।

 साल 2018 में कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही किसानों का कर्ज माफ  किया था। इसलिए इस बार चुनावी वर्ष में फिर से कर्जमाफी की आस में जिले के किसानों ने लक्ष्य से अधिक कर्ज लिया है। इस खरीफ  वर्ष में जिले के करीब 82 हजार किसानों ने 437 करोड़ का कर्ज लिया है। हालांकि किसानों के लिए राहत की बात यह है कि भाजपा ने चुनावी घोषणा पत्र में नई सरकार बनने के बाद साल 2016-17 और 2017-18 का बकाया बोनस देने की बात कही है।

इसी बीच आज से धान खरीदी केन्द्रों में धान की खरीदी शुरू हो गई है। बारिश के कारण जिले में धान की खरीदी एक सप्ताह बाधित रही। महासमुंद जिले में अब तक 50572 किसानों से करीब 25.22 लाख क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी है। इस बार जिले में खरीदी का लक्ष्य 99 लाख क्विंटल है। जिसके लिए 1 लाख 58 हजार 756 किसानों ने पंजीयन कराया है।

मालूम हो कि भाजपा ने सरकार बनने पर अंतिम कार्यकाल के 2 साल का बोनस देने का वादा किया है। अब सरकार बदली और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के अवसर पर 2 साल का बकाया बोनस देने की घोषणा कर दी है।

भाजपा के घोषणा पत्र के अनुसार किसानों को सुशासन दिवस पर खरीफ वर्ष 2016-17 और 2017-18 के बकाया बोनस का भुगतान होगा। वर्ष 2016-17 में जिले के 92 हजार 767 किसानों ने 61 लाख 37 हजार 356 क्विंटल धान बेचा था। बकाया बोनस प्रति क्विंटल 300 रुपए के हिसाब से 184.12 करोड़ रुपए मिलेगा।

इसी प्रकार साल 2017-18 में जिले के 90 हजार 939 किसानों ने 55 लाख 60 हजार 796 क्विंटल धान बेचा था। इसके हिसाब से इस साल का बकाया बोनस 166.82 करोड़ रुपए मिलेगा। कुल मिलाकर करीब 350 करोड़ रुपए का भुगतान किया जाएगा।

जिला सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी जीएन साहू के मुताबिक अभी तक भुगतान संबंधी कोई आदेश शासन से प्राप्त नहीं हुआ है। आदेश आने पर भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने बताया कि खरीफ वर्ष 2016-17 और 2017-18 के किसानों का डाटा उपलब्ध है। भुगतान करने में तकनीकी दिक्कत नहीं होगी।


अन्य पोस्ट