महासमुन्द

बेमौसम बारिश से धान के दाने गिर रहे
11-Dec-2023 2:59 PM
बेमौसम बारिश से धान के दाने गिर रहे

खेतों में नमी, हार्वेस्टर नहीं चल पा रहा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,11 दिसंबर।
मिचौंग तूफान की वजह से हुई बारिश के चलते शहर सहित खेतों में अब सामान्य हार्वेस्टर नहीं चल पा रहा है। लिहाजा किसानों को दोगुनी कीमत देकर चैन हार्वेस्टर से काम चलाना पड़ रहा है। जिले के अनेक खेतों में धान के जमीन पर गिर जाने की वजह से बालियों में लगे दाने गिर रहे हैं। कटाई में विलंब होने की वजह से अब तक किसानों का एक बड़ा वर्ग धान नहीं बेच पाया है। 

किसान संशय में हैं कि खरीफ सीजन की कटाई करें या फिर रबी की तैयारी करें। खेतों मेंं पानी भरने से धान का करपा खेत में ही सूखने के लिए पड़ा है। अब उन्हें मजबूरी में चैन हार्वेस्टर से अधिक कीमत देकर कटाई करानी पड़ेगी। कई किसान धान में नमी आने की वजह से उसे सुखा रहे हैं। 

धान उपार्जन केंद्र चरौदा के प्रबंधक जयप्रकाश साहू के अनुसार मौसम की मार इस बार ऐन धान कटाई के दौरान पड़ी है। जिसकी वजह से किसान न फसल काट पा रहे न ही उन्हें खेतों में छोड़ पा रहे हैं। 

धान की बालियों में नमी की वजह से उनका कटाई के दौरान गिरना स्वाभाविक है। और यदि धान में नमी आएगी तो उसकी खरीदी नहीं की जा सकती। इससे सोसायटियों का भी नुकसान होगा। 
 


अन्य पोस्ट