महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,10 दिसंबर। कल दोपहर स्थानीय भाजपा कार्यालय में एक प्रेसवार्ता के दौरान सांसद चुन्नीलाल साहूू, पूर्व भाजपाध्यक्ष चन्द्रहास चन्द्राकर,महामंत्री प्रदीप चन्द्राकर, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुधा साहू, पार्षद मीना वर्मा, पार्षद देवीचंद राठी ने कहा कि यदि एक राज्यसभा सांसद के यहंा इतनी बड़ी रकम मिल रही है तो कांग्रेस के नेताओं के घर न जाने कितनी दौलत मिलेगी। यह भ्रष्टाचार का पर्याय है। चुनाव पूर्व लगातार कांग्रेस नेताओं के घर ईडी के छापे पडऩे पर कांग्रेसी कह रहे थे कि यह भाजपा की चाल है। अब यह स्पष्ट हो चुका है कि कांग्रेसियों ने देश की अर्थव्यवस्था को बर्बाद किया है। उसका सीधा उदाहरण धीरज साहू हैं।
सांसद ने कहा कि छग के युवाओं को कांग्रेस सरकार ने नकली शराब परोसी है। प्रदेश की जनता को यह विश्वास हो चुका है कि मोदी की गारंटी है। वर्तमान गांधी ने महात्मा गांधी के सिद्धांतों को त्याग दिया है। लेकिन देश की गरीब जनता की पाई-पाई भ्रष्टाचारियों को वापस करना होगा। भ्रष्टाचारी कोई भी हो सभी पर कार्रवाई होगी।
सांसद चुन्नीलाल साहू ने कहा कि झारखंड के राज्यसभा सांसद धीरज साहू के यहां छापे में मिले 200 करोड़ रुपए नगद से कांग्रेस का चेहरा एक बार फिर बेनकाब हो गया है। इस घटना ने कांग्रेस के भ्रष्टाचार को उजाकर कर दिया है। देश में यदि किसी की गारंटी है तो वह है प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की। सांसद चुन्नीलाल साहू कल जिला भाजपा कार्यालय में प्रेस को संबोधित कर रहे थे।