महासमुन्द
चक्रवाती तूफान मिचौंग की वजह से बंद थी खरीदी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,10दिसंबर। मिचौंग तूफान के चलते खराब मौसम की वजह से बीते सोमवार से बंद धान की खरीदी आगामी सोमवार से पुन: शुरू हो जायेगी। बारिश के चलते जिले भर के 182 उपार्जन केन्द्रों में नुकसान की संभावनाओं को देखते हुये धान खरीदी बंद कर दी गई थी। अब सोमवार को जिनका टोकन बारिश पूर्व कट चुका है, उन 4 हजार 183 किसानों का धान पहले खरीदा जाएगा।
मिली जानकारी के मुताबिक इस वर्ष 1 नवम्बर से शुरू हुई धान खरीदी दीपावाली के आसपास लगभग 5 दिन इसके बाद चुनाव के दौरान 5 दिन तथा मिचौंग तुफान की वजह से 7 दिन बंद रही है। इस लिहाज से अब तक धान खरीदी की रफ्तार काफी कम है। दरअसल अब तक कटाई की वजह से इस बार उपार्जन केन्द्रों तक धान नहीं पहुंच पाया था। अब सप्ताह भर खरीदी बंद होने के बाद अब एकाएक उपार्जन केन्द्रों में बंपर आवक होगी।
हालांकि यह भी माना जा रहा था कि नई सरकार बनने के बाद ही केन्द्रों में धान की आवक बढ़ेगी। बीते एक नवंबर से शुरू हुई धान खरीदी से अब तक 50168 किसानों से कुल 2499288.80 क्विं.धान की खरीदी हुई है। जो कुल लक्ष्य का 32 प्रतिशत है।
खरीदे गए धान में से मात्र 7 लाख 9 हजार 30 क्विंटल धान का उठाव खरीदी केंद्रों से हुआ है। जो कुल खरीदी धान का मात्र 28.88 प्रतिशत है। जबकि 18 लाख क्विंटल धान अभी जाम है। इस बार जिले के 158702 किसानों ने धान विक्रय हेतु पंजीयन कराया है। विभाग ने 2023-24 में 99 लाख 62 हजार 480 क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य रखा है। अब तक 545.62 करोड़ रुपए के धान की खरीदी की जा चुकी है।