महासमुन्द
मिलरों के खिलाफ विभाग बैंक गारंटी पर भी कार्रवाई करने की तैयारी में
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,10 दिसंबर। महासमुंद जिले के 35 राइस मिलरों के खिलाफ मार्कफेड ने चावल जमा करने के लिए नोटिस जारी किया है। राइस मिलरों ने खरीफ विपणन वर्ष 2022.23 में कस्टम मिलिंग के लिए धान का उठाव किया था, लेकिन समय सीमा पूरी होने के बावजूद मिलरों ने चावल जमा नहीं किया है। नोटिस को नजरअदांज करने पर मिलर्स के खिलाफ विभाग बैंक गारंटी पर भी कार्रवाई करने की तैयारी में हैं।
मालूम हो कि महासमुंद जिले के 177 राइस मिलरों को खरीफ विपणन वर्ष 2022.23 के दौरान कस्टम मिलिंग के लिए मार्कफेड ने 7 लाख 94 हजार 731 क्विंटल धान उठाव का डीओ जारी किया था। राइस मिलरों ने उपार्जन केन्द्रों से सीधे धान उठाया था। मिलरों को चावल जमा करने की अंतिम मियाद 30 नवंबर 2023 दी गई थी।
एक साल बाद भी मिलरों ने 6 हजार 544 मीट्रिक टन चावल जमा नहीं किया है। हालांकि इन में से कछ मिलरों ने चावल जमा कर दिया है। मार्कफेड ने ऐसे करीब 35 राइस मिलरों को चावल जमा करने के लिए नोटिस जारी किए हैं। चावल जमा करने की अंतिम तारिख 30 सितंबर थी। लेकिन समय अवधि को बढ़ाकर 30 नवंबर किया गया था। फिर भी चावल जमा नहीं किया गया।
चर्चा यह भी है कि महासमुंद के मिलरों ने बस्तर के अलग-अलग धान उपार्जन केन्द्रों से कस्टम मिलिंग के लिए 18 हजार 404 मीट्रिक टन धान उठाया था। एक साल बाद भी इन मिलरों ने अब तक करीब 2 हजार मीट्रिक टन चावल जमा नहीं किया है। मार्कफेड ने इन मिलरों को भी शेष चावल जमा करने को कहा गया है। जिले में कस्टम मिलिंग के चावल लौटाने में लेट लतीफी के चलते इस बार सोसायटियों से धान का उठाव भी धीमी गति से चल रहा है। अब तक महासमुंद जिले में 25.19 लाख क्विंटल धान खरीदी हो चुकी है। और इनमें से महज 8.35 लाख क्विंटल धान ही उपार्जन केन्द्रों से उठाया गया है। जबकि जिले में 1 लाख 58 हजार 756 किसानों से 99 लाख क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित है।
जिला विपणन अधिकारी राहुल अड्रंस्कर का कहना है जिन राइस मिलरों ने अब तक चावल जमा नहीं किया है उन्हें नोटिस भेजा गया है। इसके बाद भी गंभीरता से नहीं लेते है तो बैंक गारंटी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। तीन दिनों से बारिश के चलते उपार्जन केन्द्रों में धान की खरीदी प्रभावित हो रही है। इसके अलावा धान का उठाव भी किया जाना है।