महासमुन्द

विवाहिता खुदकुशी: पति, सास -ससुर गिरफ्तार
10-Dec-2023 2:49 PM
विवाहिता खुदकुशी: पति, सास -ससुर गिरफ्तार

मौत के बाद मायके वालों का थाने में हंगामा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,10दिसंबर।
महासमुंद जिले के बसना नगर निवासी 35 वर्षीय सौम्या सलूजा द्वारा 8 दिसंबर को आत्महत्या करने और मयके पक्ष का थाने में हंगामे के बाद ससुरालियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मायके पक्ष का आरोप है कि सौम्या ने ससुराल वालों की प्रताडऩा से तंग आकर फ ांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सौम्या की मौत के बाद उसके मायके वालों ने थाने में जमकर हंगामा किया। मायके वालों का आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या उसके ससुरवालों ने मिलकर की है। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल नहीं भेजने तक बेटी का अंतिम संस्कार नहीं करने मायके वाले अड़े रहे। 

इस हंगामे के बीच कल देर रात बसना पुलिस ने सौम्या के पति गौरव सलूजा, ससुर रंजित सलूजा और सास संगीता सलूजा के खिलाफ  धारा 498, 306 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है। 

पुलिस के मुताबिक सुसाइड की सूचना दुर्ग के सुंदर नगर थाना वैशाली नगर निवासी सौम्या के परिवार को दी गई। मृतका के मां, पिता और भाई दोपहर को बसना पहुंचे। बेटी की मौत से दुखी सौम्या के मायका वालों की पुलिस वालों से बहस हो गई थी। मायके वालों ने सौम्या के शव का पोस्टमॉर्टम कराकर शव थाने लेकर पहुंचे थे।

मायके वालों का कहना था कि जब तक न्याय नहीं मिल जाता और सौम्या के दोनों बच्चों की कस्टडी नहीं मिल जाती, तब तक वे सौम्या के शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। उन्होंने पुलिस पर सौम्या के ससुराल वालों से मिलीभगत का आरोप भी लगाया। स्थिति इतनी गंभीर हो गई थी कि सरायपाली, पिथौरा और भंवरपुर चौकी के प्रभारी सहित एसडीओपी को बसना थाने आना पड़ा। 

इस बीच पुलिस ने सौम्या के मायके वालों को समझाइश दी। लेकिन वे मानने को तैयार नहीं थे। इसके बाद आखिरकार पुलिस ने सौम्या के ससुराल वालों को हिरासत में लिया और सौम्या के दोनों बच्चों को लेकर थाने आई।

पुलिस के अनुसार मरने से पहले सौम्या ने व्हाट्सऐप स्टेटस के जरिए अपने बच्चों और परिजनों को सॉरी कहा था। मौत से पहले सौम्या सलूजा ने व्हाट्सऐप स्टेटस लगाया था। जिसमें उसने अपने पति और ससुरलियों पर गंभीर आरोप लगाए और दूसरे स्टेटस में बच्चों और परिजनों को सॉरी लिखा था। 

सौम्या के माता, पिता और भाई ने पुलिस को बताया है कि दिसंबर 2013 को वैशाली नगर भिलाई निवासी सौम्या वर्मा की शादी सामाजिक रीति-रिवाज के साथ बसना निवासी गौरव सलूजा से हुआ था। पति गौरव सलूजा आए दिन मारपीट करता था। साथ दहेज के लिए भी प्रताड़ित किया जाता था। इसके कारण सौम्या अपने मायके जाकर रहने लगी थी। पिछले साल ही सन्नी सलूजा माफी मांगकर सौम्या को अपने बसना साथ ले आया था, लेकिन गौरव सलूजा के व्यवहार में कोई बदलाव देखने को नहीं मिला।


अन्य पोस्ट