महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 दिसंबर। आज सुबह से महासमुंद में बारिश जैसे हालात हैं। सुबह घने कोहरे के साथ हुई और अभी समाचार लिखते तक सुबह के 11 बजे थे और सूरज नहीं निकला है। तेज ठंडी हवाएं चल रही है और तापमान में काफी गिरावट आई है। मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटे के भीतर शहर सहित अंचल में बारिश की संभावनाएं जताई है। यदि बारश होती है तो इस बारिश से न केवल धान की खड़ी फसल को नुकसान होगा, बल्कि, अरहर,मुंग सहित मिलेट्स फसलों को भी क्षति पहुंचने की भरपूर संभावनाएं हैं।
मौसम विज्ञानी बदलते मौसम का पूर्वानुमान लगाकर यह बता रहे हैं आज 4 दिसंबर से 6 दिसंबर तक बादल, बारिश का मौसम होगा। इसकी शुरुआत बस्तर से होगी। तूफान का असर मध्य छत्तीसगढ़ से उत्तर छत्तीसगढ़ तक दिखेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ चक्रवात वर्तमान में बढ़ते हुए तूफान का रूप लेगा और दक्षिण आंध्रप्रदेश से लगे उत्तर तमिलनाडु तट पर पहुंचेगा। इसीलिए
प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आ रही है। इन दिनों राहर, अलसी की फसलें खेतों में खड़ी है। साथ ही टमाटर सहित अन्य सब्जियों की फसलें भी तैयार है। यदि बारिश होती है तो शहर सहित आसपास के सैकड़ों एकड़ की फसल बर्बाद हो जाएगी। आज से दो साल पूर्व भी इसी तरह के मौसम ने सब्जी की फसल उत्पादन करने वाले किसानों को काफी परेशान किया था।