महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 दिसंबर। अवैध रूप से धान परिवहन की सूचना पर पुलिस ने ग्राम लंबर के पास से एक पिकअप वाहन से 66 कट्टा धान बरामद कर मंडी समिति सरायपाली के सुपुर्द किया गया है।
सरायपाली थाने से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक महासमुंद धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरेपुंजे एवं एसडीओपी सरायपाली अभिषेक केशरी के मार्गदर्शन में जिले में हो रहे अवैध धान परिवहन पर अंकुश लगाने हेतु निर्देशित किया गया था। इसी क्रम में बीते 1 दिसंबर की मध्य रात्रि थाना प्रभारी शिवानंद तिवारी को मुखबिर से सूचना मिली कि पिकअप वाहन में लंबर की ओर से अवैध धान सरायपाली की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस की टीम रवाना होकर मुखबिर के बताए स्थान लंबर के पास पहुंची और वाहनों की जांच के दौरान सरसीवां रोड की ओर से आ रही उक्त पिकअप वाहन को रोका गया।
उसमें बैठे चालक गजानंद साहू उम्र 28 वर्ष निवासी पहंदा थाना केडार जिला सारंगढ़ से पूछताछ करने पर उसने 66 कट्टा सरना मोटा धान अवैध रूप से परिवहन करना स्वीकार किया।
पुलिस ने मौके पर से 66 कट्टा धान एवं परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन को जब्त किया और अग्रिम कार्रवाई हेतु प्रतिवेदन तैयार कर कृषि उपज मंडी समिति सरायपाली को सौंपा है।