महासमुन्द

फाइनेंस कंपनी का सीआरओ 6 लाख लेकर फरार
30-Nov-2023 2:43 PM
फाइनेंस कंपनी का सीआरओ  6 लाख लेकर फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 30 नवंबर।
जिले के सरायपाली थानांतर्गत ग्राम पतेरापाली स्थित एक फाइनेंस कंपनी के ब्रांच ऑफिस में पदस्थ कस्टमर रिलेशनशिप ऑफिसर (सीआरओ) ने कंपनी द्वारा महिला समूहों को दी गई ऋण की वसूली राशि 5 लाख 87 हजार 690 रुपए लेकर फरार हो गया है। उक्ताशय की रिपार्ट फाइनेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर ने सरायपाली थाने में दर्ज कराई है। 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के 149 ग्राहकों से वसूली गई राशि सीआरओ ने जमा नहीं कराई है।  वेक्टर फाईनेस कंपनी के ब्रांच आफिस सरायपाली के मैनेजर सत्यभूषण लोहा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि कंपनी के कस्टमर रिलेशनशिप ऑफिसर अजय भारद्वाज पिता दुखीराज भारद्वाज ने 149 ग्राहकों से वसूली की रकम 5 लाख, 87 हजार 690 रुपए कंपनी में जमा नहीं कराया है। उक्त रकम कंपनी द्वारा क्षेत्र के में विभिन्न ग्रामों में महिला समूहों को लोन के रूप में दिया गया था। उक्त महिला समूहों से अजय भारद्वाज द्वारा राशि एकत्र कर कंपनी के पतेरापाली शाखा में जमा कराया जाना था। लेकिन उन्होंने राशि जमा ना कर निजी खर्च कर दिया।

बताया जा रहा है कि वेक्टर फाइनेंस शाखा सरायपाली में शहर के अलावा ग्रामीण महिलाओं को ग्रुप में लोन दिया जाता है। जिसका मासिक किस्त ग्रुप में लोने वाले लोगो को पटाना पड़ता है। उक्त शाखा में अजय भारद्वाज उम्र 23 वर्ष ग्राम भरनी पोस्ट थाना संकरी जिला बिलासपुर छग कस्टमर रिलेशनशिप आफिसर के पद पर वर्ष 2021 से कार्यरत हैं। उनके द्वारा ग्राहकों को ऋण वितरण करना एवं ऋण की वसूली करना और वसूली किये गये रकम को शाखा में जमा करना होता है। 

सरायपाली क्षेत्र के बाजारपारा, महलपारा, भंवरचुआं, चारपाली, घरझरा, किसडी, बेलटिकरी, केन्दुढार, बेहेरापाली, पोटापारा, बस्ती सरायपाली, हरदा, बिजराभांठा, विरेन्द्रनगर, बिछिया एवं अन्य गांव से ग्रुप लोन का किस्त नहीं पट रहा। तब मैनेजर ने अजय भारद्वाज को लोन की मासिक किस्त हेतु निर्देशित किया। 

अजय ने मैनेजर को बताया कि ग्रुप लोन लेने वाले किस्त जमा नहीं कर रहे हैं। मैनेजर ने आडिट की तो पता चला कि अजय भारद्वाज ने पिछले 6 महीनों से लगभग 149 ग्राहकों से वसूली कर वसूली किये गये रकम को शाखा में जमा नहीं किया है। उन्होंने 5 लाख,87 हजार 690 रुपए कीहेराफेरी की है और फरार है। अत: प्रार्थी ने आरोपी अजय भारद्वाज पर अपराध कायम कर कार्रवाई की मांग की है। जिस पर पुलिस ने धारा 408 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। 
 


अन्य पोस्ट