महासमुन्द
अतिक्रमणकारी के विरुद्ध शिकायत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 25 नवंबर। समीप के ग्राम पंचायत लाखागढ़ के सार्वजनिक तालाब में एक ट्रैक्टर शोरूम खुलने से अब लाखागढ़ के वासुदेवा पारा की ओर जाने वाला मार्ग संकीर्ण हो गया है। जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। ज्ञात हो कि लाखागढ़ ग्राम पंचायत के निस्तार तालाब में निरंतर कब्जा होने से इसका रकबा धीरे-धीरे कम होता जा रहा है।
लाखागढ़ की जागरूक महिला समिति की सदस्य एवं पंच शशिकला यादव ने उक्त निर्माण पर आपत्ति करते हुए इसे ग्राम के एक सुंदर तालाब को समाप्त करने की योजना बताई है।
शशिकला ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि तालाब के किनारे स्थित आबादी भूमि को किसी भूमिहीन को आबंटित करने की बजाय उसे क्षेत्र के एक ट्रैक्टर ट्रॉली बनाने वाले उद्योगपति को आबंटित कर दिया गया है। इस उद्योगपति द्वारा आबादी भूमि में निवास बनाने की बजाय साथ में लगे तालाब की भूमि को साथ में मिला कर यहां ट्रैक्टर-ट्रॉली बनाने का उद्योग प्रारम्भ कर दिया गया है । इस उद्योग के लगने से इसके ठीक साइड से वासुदेव पारा जाने का मार्ग संकीर्ण हो गया है, जिससे दुर्घटना का भय बना रहता है।
शशिकला यादव ने बताया कि मामले की शिकायत उच्च स्तर पर की गई है। अतिक्रमणकारी के विरुद्ध मामले की शिकायत केंद्रीय जीएसटी एवं आयकर कार्यालय में भी की गई है।