महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 नवंबर। कल ग्राम बेमचा से चार युवक दो बाइक से पिकनिक मानने गए थे। पिकनिक मनाकर लौट रहे थे कि पुलिस लाइन परसदा के पास मोड़ पर एक बाइक ट्रक से जा भिड़ी और तेज रफ्तार ट्रक से बाइक सवार दोनों युवकों की मौत हो गई। इसके बाद अपने दोस्त के शव से लिपटकर साथी युवक घंटों रोते रहे। सप्ताहभर में यह दूसरी घटना है जिसमें चार लोगों की मौत पर ही हुई है। इस हादसे की वजह मार्ग में अंधा मोड़ को बताया जा रहा है।
शुक्रवार दोपहर को तुमगांव मार्ग पर ग्राम परसदा के पास गाड़ाघाट से पिकनिक मनाकर लौट रहे दो बाइक सवार युवक विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से भिड़ गए। जिससे एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं दूसरे युवक की मौत अस्पताल में उपचार के दौरान हो गई। पुलिस ने फ रार आरोपी अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर जांच में लिया। पुलिस ने पीएम पश्चात शवों को परिजनों को सौंप दिया और आज सुबह दोनों युवकों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
घटना के संबंध में कोतवाली थाना प्रभारी नरेंद्र राठौड़ ने बताया कि घटना दोपहर करीब 2 बजे की है। बेमचा निवासी रामेश्वर (19) और धनेश्वर निर्मलकर (23) गांव के दो अन्य युवकों के साथ दो अलग-अलग बाइक से पिकनिक मनाने के लिए गाड़ाघाट गए थे। ये सभी पिकनिक मनाकर दोपहर को वापस लौट रहे थे। ये सभी ग्राम परसदा स्थित राइस मिल के पास पहुंचे थे, तभी सामने की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक से एक बाइक की भिड़ंत हो गई।
हादसे में बाइक सवार एक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं दूसरे को संजीवनी 108 की मदद से महासमुंद मेडिकल कॉलेज लाया, जहां उपचार से पहले ही उसकी मौत हो गई। पिकनिक मनाने गए दो साथी युवकों की बाइक पीछे होने की वजह से दोनों बच गए। घटना के बाद से ट्रक चालक मौके पर ही ट्रक छोडक़र फरार हो गया।
मालूम हो कि तीन दिन पूर्व शहर के नेहरू चौक में सडक़ पार कर रहे स्कूटी सवार दम्पति को रायपुर की ओर जा रही ट्रक ने अपनी चपेट में लिया। जिसमें महिला की मौके पर ही मौत हो गई और पुरुष की मौत अस्पताल ले जाते हुए हुई है। सप्ताह भर के भीतर महासमुंद थाना क्षेत्र में यह दूसरी बड़ी घटना है।
चर्चा है कि जिले में सडक़ हादसों में हो रही मौत की वजह लोगों में यातायात नियमों के प्रति अनदेखी है। बाइक चालक जहां वाहनों को नियंत्रित गति में चलाने की बजाए तेज दौड़ा रहे हैं। वहीं भारी वाहन चालकों द्वारा भी कहीं न कहीं नियमों की अनदेखी हो रही है। वे भीड़भाड़ वाले और मोड़ आदि पर भी अंधाधुंध वाहन चलाते हैं। जिसके कारण लोगों को हादसे का शिकार होना पड़ रहा है।
यातायात पुलिस द्वारा जिले में पिछले चार साल के भीतर हुए में सडक़ हादसे के दर्ज आंकड़ों के अनुसार साल दर साल हादसों क संख्या बढ़ती जा रही है। 2019 में सडक़ दुर्घटना में 223, 2020 में 170, वर्ष 2021 में 215 और 2022 में 267 ने जान गंवाई है। चालू वर्ष में महज 10 माह में ही 239 ने अब तक जान गंवाई है। इस साल मई और जून माह में सबसे अधिक लोगों ने सडक़ दुर्घटना में अपनी जान गंवाई है। जून में कुल 45 सडक़ दुर्घटना में 34 की मौत और 26 घायल हुए हैं। वहीं मई माह में 55 सडक़ दुर्घटना में 33 लोगों कीमौत हुई और 43 घायल हुए।