महासमुन्द

44 राइस मिलर दबाकर बैठे हैं बीते खरीफ से 40 करोड़ से अधिक का सरकारी धान
25-Nov-2023 1:48 PM
 44 राइस मिलर दबाकर बैठे हैं बीते खरीफ  से 40 करोड़ से अधिक का सरकारी धान

 अब जिले में कस्टम मिलिंग की नीति पर सवाल उठ रहे ...

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 25 नवंबर। बीते खरीफ  सीजन 2022-23 में महासमुंद जिले के 44 मिलरों के पास 40.54 करोड़ का धान बाकी है। इन मिलरों ने अब तक 16219 मीट्रिक टन चावल जमा नहीं किया है। उन्हें 16219 मीट्रिक टन चावल नागरिक आपूर्ति निगम व एफसीआई में जमा कराना है। अब जिले में कस्टम मिलिंग की नीति पर सवाल उठ रहे हंै। क्योंकि राइस मिलरों के पास करोड़ों का धान है, लेकिन जमा नहीं हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक महासमुंद जिले में 22-23 में खरीदा गया 206733.90 मीट्रिक  टन धान जिले के 44 मिलरों को दिया गया था। धान उठाव के विरूद्ध 140172.66 मीट्रिक  टन चावल नागरिक आपूर्ति निगम व एफसीआई में जमा करना था। लेकिन इन मिलरों ने 123953.38 मीट्रिक  टन  चावल ही जमा किया। जबकि  16219.21 मीट्रिक  टन चावल जमा करना शेष है। इन 44 मिलरों के पास अब भी करीब 20.54 करोड़ रुपए का धान जाम है, जिसका चावल जमा नहीं हुआ है।

इन मिलरों को सरकारी धान की मिलिंग के लिए चावल जमा करने के लिए पर्याप्त समय दिया गया है। इसके बावजूद चावल जमा करने में देरी की गई है और 44 राइस मिलर बीते खरीफ का 40 करोड़ से अधिक का सरकारी धान दबाकर बैठे हैं।

यह धान मिलरों के पास है या नहीं, यह जांच भी विभाग के अधिकारी नहीं कर पा रहे हंै। हालात यह है कि अभी भी 16219.21 मीट्रिक टन चावल इन मिलरों को जमा करना बाकी है। चर्चा है कि इस बार नागरिक आपूर्ति निगम व एफसीआई में इन मिलरों का पंजीयन नहीं होगा।

जानकारी मिली है कि वर्तमान खरीफ  सीजन में खरीदी जा रही चावल उठाने के लिए मिलरों का पंजीयन भी शुरू हो गया है। इसमें सबसे दिलचस्प बात यह है कि जिन मिलों को पांच किलो चावल भी जमा करने के लिए बाकी है, उनका पंजीयन नहीं हो पाएगा। ऐसे में मिलरों को या तो बीते खरीफ  सीजन का चावल जमा करना पड़ेगा या फिर इस बार पंजीयन से वंचित होना पड़ेगा। इन मिलरों का ऑनलाइन आवेदन भी नागरिक आपूर्ति निगम व एफसीआई में स्वीकार नहीं होगा।

खास बात यह है कि चावल जमा करने के लिए अनेक बार अवधि बढ़ाई जा चुकी है। इसके बावजूद इन 44 मिलरों ने अब तक शेष 16219.21 मीट्रिक टन चावल जमा नहीं किया है। अब इसे लेकर कई तरह के सवाल खड़े होने लगा है। धान खरीदी के 24 दिन गुजर चुके हैं। जिले में अब तक 1 लाख 37 हजार 79.72 क्विंटल धान की खरीदी भी हो चुकी है। खरीदे गए धान को उठाने का वक्त भी आ गया है। लेकिन बीते खरीफ  सीजन का चावल अभी तक जमा नहीं हो सका है। अधिकारी केवल मिलरों के बैंक गारंटी जमा होने का हवाला देकर कोई कार्रवाई नहीं करते हैं।


अन्य पोस्ट