महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 नवंबर। महासमुंद जिले की बसना पुलिस ने चेकिंग के दौरान कल दो युवकों को बड़ी मात्रा में नशीले टेबलेट का परिवहन करते पकड़ा है। पुलिस ने युवकों के कब्जे से नशीली टैबलेट के 1770 नग गोली, परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी वाहन एवं दो मोबाइल को जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर कल बसना पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी स्कूटी बिना नंबर में दो व्यक्ति सवार होकर पदमपुर ओडिशा से नशीली टेबलेट को बिक्री करने बसना की ओर आ रहे थे। उन्हें रोककर पूछताछ की गई। जिसमें दोनों ने अपना नाम नागेश निर्मलकर 23 वर्ष निवासी महादेवघाट रायपुर हाल मुकाम बोरसी तथा देवेंद्र श्रीवास्तव 20 वर्ष निवासी डीडी नगर रायपुर जिला रायपुर बताया है। पुलिस ने युवकों के कब्जे से 1770 नग नशीली टेबलेट कीमती 11 हजार 505 रुपए, परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी बिना नंबर कीमती 1 लाख, दो टच स्क्रीन मोबाइल कीमती 20 हजार रुपए, कुल जुमला 1 लाख,31 हजार 505 रुपए को जब्त किया। आरोपियों के विरुद्ध थाना बसना में अपराध धारा 21 एनडीपीएस एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।