महासमुन्द

शराब की अवैध बिक्री के खिलाफ फूटा गुस्सा, थाना घेरा
19-Nov-2023 3:49 PM
शराब की अवैध बिक्री के खिलाफ  फूटा गुस्सा, थाना घेरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बागबाहरा/ महासमुंद, 19 नवंबर। महासमुंद जिले के बागबाहरा में शराब की अवैध बिक्री के खिलाफ  लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। शनिवार को वार्ड क्रमांक 14 के निवासियों ने बागबाहरा थाने का घेराव कर दिया। इस दौरान भारी संख्या में युवाओं के साथ महिलाएं और बच्चे मौजूद थे। काफी देर तक लोग थाने के बाहर प्रदर्शन करते रहे। जिसके बाद बागबाहरा थाना प्रभारी के आश्वासन पर लोगों ने ज्ञापन सौंपकर प्रदर्शन ख़त्म किया।

पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष उकिया टांडी, गोपी नागेश, शिवा जगत, विजय, छोटू हेमराज महानंद आदि ने बताया कि उनके वार्ड में कई वर्षों से अवैध शराब की बिक्री हो रही है, इसके कारण वार्ड का माहौल दिन-ब-दिन बिगड़ते जा रहा है। शराब के कारण वार्ड में गाली गलौज व मारपीट की घटना आम होती जा रही है। महिलाओं का शाम को निकलना मुश्किल हो गया है, इसके चलते जन आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है।

आक्रोशित महिलाओं और बच्चों का कहना था कि वार्ड में अवैध रूप से शराब बेची जा रही है और लोग शराब के नशे में धुत्त होकर गली मोहल्ले में गाली-गलौज करते रहते हैं। सडक़ से गुजरने वाली महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां करते हैं।

महिलाओं ने बताया कि शाम होते ही शराब दुकान के चलते आसपास ठेले, खोमचे, चखना सेंटरों में शराबियों का मजमा लगा रहता है। आने-जाने वाले अभ्रद्रता का शिकार होते हैं। जिसके चलते वार्ड का माहौल पूरी तरह बिगड़ रहा है। हालत यह है कि महिलाओं का घर से बाहर निकलना दूभर हो गया है। इसलिए परेशान होकर बागबाहरा थाने का घेराव किया।  वार्डवासियों ने अवैध शराब बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

बागबाहरा थाना प्रभारी महेश ने आश्वस्त किया कि 24 घंटे के भीतर अवैध शराब पर कार्रवाई की जाएगी, तब वार्डवासी शांत हुए।


अन्य पोस्ट