महासमुन्द
सीसीटीवी कैमरे में चोर कैद, पुलिस जांच में जुटी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 19 नवंबर। बीती रात थाना बसना क्षेत्र के शहर में स्थित करीब 17 दुकानों में एक ही रात में शटर तोड़ कर चोरी की गई। चोरों ने इन दुकानों से लाखों की नगदी और सामान चोरी किया है। बसना पुलिस अल सुबह मौके पर पहुंच कर जांच रही है। पुलिस के अनुसार इन मामलों में एक से अधिक आरोपी शामिल हो सकते हैं।
चोरों के चेहरे दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हंै। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे से फुटेज निकाल कर चोरों की शिनाख्त कर उनकी तलाश में जुट गई है, वहीं सांकरा में भी 3 दुकानों के ताला टूटा टूटने की खबर है।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार-रविवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने बसना शहर के जनपद पंचायत से लेकर बिजली कार्यालय तक की दुकानों में देर रात हाथ साफ किया, इसमें ब्यूटी पार्लर, फैंसी जनरल स्टोर्स, हार्डवेयर से लेकर किराना दुकान तक शामिल हैं।
चोरों द्वारा इतने वृहद स्तर पर ताले तोडऩे से अनुमान लगाया जा रहा है कि चोरों ने लाखों की नगदी एवं समान पर हाथ साफ किया है।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए चोर
चोरों द्वारा चोरी की घटना को अंजाम देते हुए दुकानों के सीसीटीवी कैमरों ने कैद कर लिया है। सुबह घटना की सूचना मिलते ही रिपोर्ट लिखने के पहले ही पुलिस ने दुकानों के सीसीटीवी कैमरे खंगाल कर संभावित आरोपी का फुटेज प्राप्त कर लिया। अनुमान के अनुसार 4 से 5 आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया होगा।
कारोबारी दहशत में
बसना नगर में कोई डेढ़ दर्जन मुख्यमार्ग की दुकानों के ताले टूटने की घटना से एक ओर व्यापारी दहशत में है और अपने जानमाल को असुरक्षित महसूस कर रहे हंै, वहीं बसना पुलिस की गश्त की पोल भी खुल गई है।
सांकरा में 3 दुकानों के ताले टूटे
वहीं समीप के ग्राम सांकरा में भी 3 दुकानों का ताला टूटा टूटने की खबर मिल रही है। इनमें फल, किराना दुकान एवं टपरी पर चोरों ने हाथ साफ करने की कोशिश की है।