महासमुन्द

महासमुंद: 1079 मतदान केन्द्रों के लिए दल रवाना
16-Nov-2023 7:26 PM
महासमुंद: 1079 मतदान केन्द्रों के लिए दल रवाना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 16 नवंबर। विधानसभा निर्वाचन 2023 के दूसरे का मतदान शुक्रवार 17 नवंबर को है। महासमुंद जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के 1079 मतदान केन्द्रों के लिए कृषि उपज मंडी महासमुंद में सामग्री वितरण का कार्य आज सुबह 6 बजे से शुरू कर दिया गया है। इसके लिए 16-16 काउंटर बनाए गए हैं। सामग्री वितरण हेतु प्रत्येक विधानसभा में 80-80 कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं। सर्वप्रथम राजनीतिक दल की उपस्थिति में स्ट्रांग रूम खोला गया। तत्पश्चात मतदान दल के पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारी अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए सामग्री प्राप्त कर अपने निर्धारित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना हुए।

जिले के 121 बूथ संवेदनशील हैं जहां सशस्त्र बल की 18 कंपनियां तैनात रहेंगी। चप्पे-चप्पे पर चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान दलों की रवानगी के लिए 235 रूट चार्ट बनाए गए हैं। मतदान दलों में कुल 12 हजार 295 कर्मचारी उपलब्ध हैं। जानकरी अनुसार जिले में कुल 40 संगवारी मतदान केंद्र बनाए गए हंै। इसमें पीठासीन से लेकर मतदान दल क्रमांक 1, 2 और 3 सभी महिला कर्मचारी हैं। इसी तरह चारों विधानसभा क्षेत्र में 1-1 मतदान केन्द्र दिव्यांग और 1-1 मतदान केन्द्र युवा प्रबंधित मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। दिव्यांग मतदान केन्द्र में सभी अधिकारी-कर्मचारी दिव्यांग ही होंगे। जिले में कुल 99 सेक्टर अधिकांरी नियुक्त किए गए हैं। जिले के 50 प्रतिशत मतदान केन्द्रों में वेब कास्टिंग की व्यवस्था की गई है। सभी मतदान केन्द्रों में रैम्प, पेयजलए विद्युत व शौचालय की व्यवस्था की गई है।

इसी प्रकार युवा प्रबंधित मतदान केन्द्रों में सभी युवा अधिकारी होंगे। इसी तरह आदर्श मतदान केन्द्र 20 बनो हैं। महासमुंद जिले में 04 विधानसभा क्षेत्र हंै। क्रमश: विधानसभा क्षेत्र महासमुंद 42, खल्लारी 41, बसना 40 एवं विधानसभा क्षेत्र खल्लारी 39 है। महासमुंद जिले में 1079 मतदान केन्द्र हैं और कुल मतदाताओं की संख्या 08 लाख 55 हजार 503 है।  इनमें से 04 लाख 21 हजार 769 पुरुष मतदाता, 04 लाख 33 हजार 714 महिला मतदाता और 20 थर्ड जेंडर मतदाता है। इसमें 5 हजार 288 दिव्यांग मतदाता, 18 से 19 वर्ग के युवा मतदाता 30 हजार 390 और 80 वर्ष से अधिक वरिष्ठ नागरिक की संख्या 07 हजार 576 है। सेवा मतदाताओं की कुल संख्या 375 है।


अन्य पोस्ट