महासमुन्द
योजना का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त स्वालंबन और स्वाभिमान बनाना है
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,16 नवंबर। गृहलक्ष्मी योजना के तहत कांग्रेस की सरकार बनने पर सभी महिलाओं को 15 हजार रुपए की राशि उन्हें सशक्त करने और स्वाभिमानी बनाने के लिए दिया जाएगा। यह योजना लक्ष्मी पूजन के दिन माताओं बहनों के लिए कांग्रेस पार्टी ने लाया है। संगठन स्तर पर पहले ही इसकी चर्चा हो रही थी। उक्त बातें पत्रकारवार्ता में जिला पंचायत रायपुर अध्यक्ष व महिला प्रदेश कांग्रेस की सचिव डोमेश्वरी वर्मा ने स्थानीय जिला कांग्रेस भवन में कही।
इस मौके पर उनके साथ मनीषा यादव, प्रभारी जिला महामंत्री संजय शर्मा, नपा उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार चंद्राकर, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष खिलावन बघेल आदि उपस्थित थे। उन्होंने कांग्रेस सरकार द्वारा महिलाओं बहनों के लिए शुरू की गई मुहल्ला क्लिनिक योजना, पोषण आहार आदि की जानकारी देते हुए बताया कि सभी योजनाएं पूर्वत जारी रहेगी। इसके अलावा स्व सहायता बहनों के समूह का कर्ज माफी, प्रति गैस सिलेंडर में 5 सौ रुपए को सीधे खाते में दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि भाजपा के पूर्व के 15 साल में महंगाई आसमान छूने लगी और गैस सिलेंडरों के दाम बढ़ गए। जिसके लिए घोषणा पत्र में मदद पहुंचाने का निर्णय लिया गया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय भी हमारी सरकार ने बढ़ाया है। बुजुगों का सम्मान कांग्रेस कर रही है और पूर्व में पेंशन 3 सौ रुपए से 5 सौ रुपए सरकार ने बढ़ाया है। इसी तरह सीएम पोषण योजना के एनीमिया ग्रसित महिलाओं को पोषण आहार प्रदान कर एनीमिया मुक्त किया गया। कांग्रेस सरकार ने पूर्व में किसानों का कर्ज माफ भी किया। इस बार भी किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा।
शराबबंदी के सवाल पर उन्होंने कहा कि कोराना काल में जब लोगों को शराब नहीं मिली तो अन्य जहरीली वस्तुएं पो लिए जिससे अनेक घटनाएं मौत का कारण बना था। इसलिए शराब को एकाएक बंद नहीं किया जा सकता। इस सामाजिक बुराई को हम सुधरेंगे, युग सुधरेगा की तर्ज पर लागू करना पड़ेगा। इस सवाल पर कि भाजपा की घोषणा पत्र के बाद कांग्रेस का घोषणा पत्र आया है। जिसमें गृह लक्ष्मी योजना को शामिल किया गया लेकिन इस पहले क्यों शामिल नहीं गिया गया? पर उनका कहना था कि पूर्व में ही यह तय हो गया था कि महिलाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए योजना तैयार किया जाना है और जैसा कि नाम ही गृह लक्ष्मी है। लिहाजा इसे लक्ष्मी पूजन के दिन लांच करने की योजना थी। इसलिए इसे पूरक रूप में प्रस्तुत किया गया।
इस योजना का उद्देश्य ही महिलाओं को सशक्त बनाना है।