महासमुन्द

धनतेरस पर जमकर बरसा धन, जेवर- लक्ष्मी, गणेश कुबेर की प्रतिमाएं सर्वाधिक बिकीं
11-Nov-2023 3:25 PM
धनतेरस पर जमकर बरसा धन, जेवर- लक्ष्मी, गणेश कुबेर की प्रतिमाएं सर्वाधिक बिकीं

ऑफर की झड़ी से कपड़ा बाजार में रही अच्छी ग्राहकी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,11 नवंबर।
धनतेरस पर कल महासमुंद सहित जिले के सभी प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों में जमकर धन वर्षा हुई। पूरा बाजार गुलजार रहा। लोगों ने अपनी क्षमता व जरूरत के अनुसार खरीदी की। 

सराफा, बर्तन, इलेक्ट्रानिक्स, टेक्सटाइल, ऑटो मोबाइल्स, पटाखा, पूजा सामग्री, किराना कारोबार में जमकर उछाल रहा। लोगों ने धनतेरस पर खरीदी की हसरत पूरी की। खासतौर पर ज्यादा भीड़ कपड़ा व मोबाइल दुकानों में रहीं, वहीं सराफा दुकानों में भी सुबह से देर रात तक लोगों की भीड़ बनी रही। लोगों ने कार व दुपहिया खरीदने में भी रुचि दिखाई। कृषि मशीन व उपकरण की जमकर खरीदी हुई। महासमुंद, बागबाहरा, पिथौरा, बसना, सरायपाली ब्लॉक मुख्यालयों के बाजार के अलावा सांकरा, भंवरपुर, कोमाखान, तुमगांव, तेंदूकोना जैसे स्थानों पर भी धनतेरस की बेहतर ग्राहकी से कारोबारी उत्साहित रहे। 

जानकारी मिली है कि धनतेरस पर जिले में लगभग 25 करोड़ के कारोबार हुआ है। बच्चे, बड़े समेत हर वर्ग ने कपड़े खरीदे। उपहार के तौर पर देने के लिए कटपीस कपड़े भी बिकते रहे। युवा वर्ग को नए नए फीचर्स वाले मोबाइल ने अधिक लुभाया। इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार में मोबाइल की बिक्री अधिक रही। आमतौर पर लोगों ने पांच हजार रुपए से लेकर 40 हजार रुपए तक कीमती मोबाइल खरीदे। इसके अलावा घरेलू जरूरत के सामानों में एलइडी टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, ओवन, गीजर, माइक्रोवेव की बिक्री अधिक रही। इलेक्ट्रानिक सामानों के विक्रेताओं का अनुमान है कि जिले में छह से सात करोड़ के बीच धनतेरस का कारोबार रहा। जिले में दोपहिया वाहन, चार पहिया वाहन, कृषि उपकरण के प्रतिष्ठानों में सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ रही है। फाइनेंस सुविधा ने लोगों की खरीद क्षमता में बढ़ोत्तरी की। लिहाजा नौकरी पेशा वालों के अलावा निजी सेक्टर के कर्मचारियों ने भी कार खरीदने की इच्छा पूरी की। लोगों को कमर्शियल वाहन, कृषि उपकरण की खरीदी करते देखा गया। 


अन्य पोस्ट