महासमुन्द

182 उपार्जन केंद्रों में से 132 में हुई खरीदी
02-Nov-2023 3:05 PM
182 उपार्जन केंद्रों में से 132 में हुई खरीदी

धान की आवक नहीं होने से 50 केंद्रों में बोहनी नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,2 नवंबर।
जिले में बुधवार से से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत हो गई है। जिले में इस बार 99 लाख क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी। जिसके लिए 182 धान खरीदी केंद्र बनाए गए हैं। कल कुल 1222 किसानों को टोकन जारी किया गया था। वहीं नेता और मंत्री आचार संहिता लगने के कारण धान खरीदी केंद्र नहीं पहुंच सके। जिसके चलते समिति सदस्यों और किसानों ने पूजा अर्चना कर धान खरीदी की शुरुआत की है। कल पहले दिन 132 उपार्जन केंद्रों में 42 हजार 34 क्विंटल धान की खरीदी की गई। प्रथम दिवस 1164 किसानों ने धान बेचा।

वहीं शेष खरीदी केंद्रों में धान बेचने किसान नहीं पहुंचे। जिसके चलते वहां धान खरीदी की शुरूआत नहीं हुई। मिली जानकारी के अनुसार जिले में 182 खरीदी केंद्रों के जरिये 99 लाख क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य मिला है। जो करीब 21.61 अरब रुपए कीमत का होगा।  खास बात यह है कि बायोमेट्रिक डिवाइसेज नहीं पहुंचने के कारण पुरानी पद्धति से ही खरीदी की गई। जिले में 1.57 लाख किसानों का पंजीयन धान विक्रय के  लिये हुआ है। इतने किसानों से प्रति एकड़ 20 क्विंटल के  मान से 182 खरीदी केंद्रों के जरिए धान खरीदा जाना है।

 कल सहकारी समिति चरोदा में धान खरीदी का शुभारंभ नोडल अधिकारी ऋतू डडसेना, प्रबंधक जयप्रकाश साहू ने तौल बांट की विधिवत पूजा अर्चना एवं श्रीफल तोड़ कर किया। इस अवसर पर  किसान चित्रसेन गिरी, शेखर चंद्राकर, नारायण सिंह ठाकुर, जितेंद्र साहू, नुभेलाल साहू, माखन कन्नौजे, पूरन साहू, कर्मचारी उमेश साहू, सुरेन्द्र पटेल, खेमराज सिन्हा,ओमप्रकाश साहू, नंदनी सिन्हा, नीलकंठ पटेल, मिथुन यादव, सोनू साहू उपस्थित थे।

डीएमओ राहुल अडेस्कर का कहना है कि आचार संहिता लगने के कारण कोई भी राजनीतिक दल के नेता धान खरीदी केंद्र में नहीं पहुंच रहे हैं। केवल जिले के किसान ही अपनी उपज लेकर धान खरीदी केन्द्रों पहुंच रहे हैं। कल धान खरीदी के पहले दिन ही बड़ी संख्या में किसान खरीदी केंद्रों में पहुंचे। जिसमें अनेक खरीदी केंद्रों में किसानों की अच्छी खासी भीड़ दिखाई दी। जहां पूजा अर्चना कर धान खरीदी की शुरुआत की गई। सभी खरीदी केंद्रों में तैयारी पूरी कर ली गई है। कल पहले दिन 132 उपार्जन केंद्रों में 1164 किसानों ने धान बेचा है। कुछ उपार्जन केंद्रों में धान की आवक नहीं हुई है। 
 


अन्य पोस्ट