महासमुन्द
महासमुंद-सरायपाली में त्रिकोणीय व्यूह तैयार
दोनों ही जगह कांग्रेस को नुकसान का आंकलन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 अक्टूबर। सत्तारूढ़ कांग्रेस के सरायपाली विधायक किस्मत लाल नंद और महासमुंद नगरपालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग के पूर्व मुख्यमंत्री अजित जोगी की पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे का दामन थाम लिया है। इस पार्टी से सरायपाली में किस्मत लाल नंद और महासमुंद विधानसभा से राशि त्रिभुवन महिलांग दावेदारी कर रहे हैं।
कि स्मत लाल नंद को पिछले विधानसभा चुनाव में 52 हजार से ज्यादा वोटों से जीत मिली थी।
जारी सूची में दोनों को जेसीसीजे से टिकट देने की घोषणा कर दी गई है। इस तरह अब महासमुंद और सरायपाली में विधायक पद के लिए त्रिकोणीय मुकाबला है। संभवत: आज 17 अक्टूूबर को दोनों के नामांकन दाखिल भी किए जाएंगे।
जानकारी अनुसार कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने से नाराज नपाध्यक्ष राशि महिलांग और विधायक कि स्मत लाल नंद रेणु जोगी से मुलाकात के लिए पहुंचे और तत्काल उन्हें पार्टी से टिकट की घोषणा की गई है। इस दौरान सरायपाली के पूर्व विधायक हरिदास भारद्वाज, बसना से पार्टी प्रत्याशी डॉ. अनामिका पाल आदि मौजूद थे। विधायक श्री नंद बीते चुनाव में कांग्रेस की टिकट पर 52 हजार 288 मतों के भारी अंतर से जीते थे। उन्हें 1 लाख 00302 तथा भाजपा प्रत्याशी श्याम तांडी को 48 हजार 014 वोट मिले थे। श्री नंद को भरोसा था कि इतने प्रचंड मतों से उनकी जीत और क्षेत्र में किए गए विकास कार्य बेकार नहीं जाएंगे। उन्हें पार्टी पुन: टिकट देगी। लेकिन अंतिम सूची में पार्टी ने उनकी टिकट काटकर एक नये चेहरे चातुरी नंद को टिकट दे दी। इससे नाराज श्री नंद ने पार्टी नेताओं से बात की, लेकिन बात नहीं बनी और अंतत: उन्होंने जकांछ जे में प्रवेश कर लिया।
कहा जा रहा है कि सरायपाली में भाजपा से सरला कोसरिया, कांग्रेस से चातुरी नंद और जोगी कांग्रेस से किस्मत लाल नंद के त्रिकोणीय मुकाबले हैं, जिससे कांग्रेस प्रत्याशी चातुरी नंद की परेशानी बढ़ सकती है। गुरुवार को महासमुंद नगर पालिकाध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग के जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे जॉइन करते ही यहां भी त्रिकोणीय मुकाबला निर्मित है। चर्चा हो रही है कि इससे कांग्रेस को बहुत नुकसान संभव है।
श्रीमती महिलांग भी कांग्रेस से टिकट की बड़ी दावेदार थीं , लेकिन पार्टी ने विधायक विनोद चंद्राकर का टिकट काटकर जिला कांग्रेसाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर को टिकट दे दिया। टिकट नहीं मिलने से नाराज श्रीमती महिलांग ने चुनाव लडऩे का संकेत दे दिया था। नगर पालिका अध्यक्ष का उनका यह दूसरा कार्यकाल है। उन्होंने अभी नामांकन दाखिल नहीं किया है। इस तरह नामांकन दाखिले के अंतिम दौर में सरायपाली के कांग्रेस विधायक किस्मतलाल नंद और महासमुंद नगर पालिका अध्यक्ष कांग्रेस नेत्री राशि त्रिभुवन महिलांग ने जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे का दामन थामकर कांग्रेस को बड़ा झटका दिया हैै।