महासमुन्द

दीपावली नजदीक: तेज घूमते चाक के पहिए, लुप्त होती कुम्हार कला के पटरी पर लौटने के संकेत
26-Oct-2023 3:08 PM
दीपावली नजदीक: तेज घूमते चाक के पहिए, लुप्त होती कुम्हार कला के पटरी पर लौटने के संकेत

कुम्हारों को उम्मीद - पुश्तैनी कारोबार दीपावली में परिवार को खुशियां देगा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 26 अक्टूबर। पखवाड़े भर बाद दीपावली का त्यौहार है। जैसे-जैसे त्यौहार नजदीक आ रहा है, कुम्हारों के चाक गति दोगुनी बढ़ रही है। तेज रफ्तार ने इन दिनों कुम्हार दीये बना रहे हैं। जिले के ग्रामीण अंचलों में भी मिट्टी का बर्तन बनाने वाले कुम्हार दिन-रात दीये बनाने का काम कर रहे हैं।

नवरात्र उत्सव समाप्त होते ही कुम्हारों का परिवार खेतों से मिट्टी लाने, मिट्टी को छानने, भिगाने और गूंधने का काम शुरू कर चुुके हैं। कई कुम्हारों के घर की महिलाएं माता लक्ष्मी का निर्माण भी कर रही हैं। मिट्टी से बने हुए दीये और माता लक्ष्मी को रंग रोगन का काम उनके बच्चे कर रहे हैं। कुम्हारों को उम्मीद है कि उनका पुश्तैनी कारोबार दीपावली में उनके परिवार को खुशियां देगा।  मालूम हो कि महासमुंद जिले क ेअधिकांश घरों में दीपावली पर घर-आंगन मिट्टी के दीये से ही रौशन होते हैं। लिहाजा इस बार बाजार में मिट्टी के दीये बिकने के लिए पहुंचे हैं। इनकी खरीदारी भी शुरू हो चुकी है। इस तरह कुम्हार जाति के एक बड़े वर्ग के यह रोजी रोटी का बड़ा सहारा है। पिछले कुछ वर्षों में चाइनीज सामानों ने इस कला को बहुत पीछे धकेल दिया था। लेकिन पिछले दो वर्षों से लोगों की सोच में खासा बदलाव आया है और एक बार फिर लुप्त होती इस कुम्हारी कला के पटरी पर लौटने के संकेत मिलने लगे हैं। कुम्हारी कला से निर्मित खिलौने, दीये, सुराही व अन्य मिट्टी के बर्तनों की मांग बढ़ी तो कुम्हारों के चेहरे खिले हैं।

इस दीपावली में मौसम साफ देखकर कुम्हारों का परिवार काफी खुश हैं। बच्चों के साथ महिलाएं हर सुबह खेतों की ओर बैलगाड़ी लेकर जाती हैं। इस गाड़ी में भरकर खेतों की मिट्टी घरों तक लाते हैं। इस मिट्टी को बारीक कूटकर छान लिया जाता है। फिर इसे पानी से भिगोकर रात भर छठोड़ दिया जाता है। सुबह जब मिट्टी अच्छी तर भीग जाती है तो बच्चों के साथ परिवार के बड़े भी इसे अच्छी तरह गूंधने का काम करते हैं। मिट्टी जब आटे की तरह नरम हो जाती है तो इसे लोंदी की तरह आकार में चाक के पहिए पर रख दिया जाता है और हाथों के सहारे आकार देकर इसे मनचाहा स्वरूप दिया जाता है। फिर कच्ची मिट्टी के सामानों को आग की भट्टी में पकाया जाता है। पके सामानों में अच्छी तरह रंग पालिश कर इसे बाजार में बेचने के लिए ले जाया जाता है।


अन्य पोस्ट