महासमुन्द

रावण पर जीत से पहले श्रीराम ने नवागांव चंडी मंदिर में की थी आराधना
23-Oct-2023 2:42 PM
रावण पर जीत से पहले श्रीराम ने नवागांव चंडी मंदिर में की थी आराधना

मानसरोवर, रानीसागर तालाब, भोग शाला, यज्ञ शाला, ज्योति कक्ष, मनमोहक नर्सरी आकर्षण का केन्द्र 

  ऐतिहासिक किले वाले रामचंडी मंदिर में विशेष पूजा  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 अक्टूबर।
नवरात्रि के अंतिम दिन फूलझर अंचल के ग्राम गढफ़ुलझर से लगे प्राचीन ऐतिहासिक किले पर स्थित रामचंडी मंदिर में विशेष आयोजन किया गया है। 
यहां हर साल शारदीय नवरात्र का पर्व बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। प्रथम दिवस से ही यहां दर्शन करने वाले बड़ी तादात में पहुंचते रहे। रामचंडी मंदिर में वैसे तो बारहों महीने श्रद्धालुओं की चहल-पहल रहती है लेकिन नवरात्र पर्व में श्रद्धालुओं की संख्या अन्य दिनों को अपेक्षा ज्यादा रहती है। पूरे 9 दिनों तक हवन, पूजन, आरती के साथ भजन कीर्तन का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। नवरात्र में प्रतिदिन भक्तों के लिए भण्डारा प्रसाद का वितरण किया जाता है। ठाकुरपाली शाखा सभा के सहयोग के लिए अन्य शाखा सभा द्वारा सहयोग किया जा रहा है।  अष्टमी को शाखा सभा पठियापाली रोहिना के सामाजिक जनों ने सहयोग प्रदान किया गया।

रामचंडी देवी फुलझर अंचल में बड़ी संख्या में निवासरत कोलता समाज की आराध्य देवी है। आस्था एवं श्रद्धा का प्रतीक रामचंडी मंदिर का निर्माण 1994 से प्रारंभ किया गया। इस मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा 2001 में हुआ था। फूलझर अंचल का यह एकमात्र रामचंडी देवी का मंदिर है। कहा जाता है कि प्रभु श्रीराम रावण पर विजय प्राप्त करने के पूर्व शक्ति स्वरुपा देवी की आराधना इसी स्थान पर की थी। 

यह मंदिर एक पहाड़ीनुमा किले पर स्थित है। जहां करीब सवा 5 फुट ऊंची देवी की भव्य प्रतिमा स्थापित है। मां का दर्शन करने के लिए मुख्य द्वार से करीब सवा सौ सीढिय़ां बनी हुई है। मंदिर के मुख्य द्वार एवं गर्भ गृह के चारों ओर आकर्षक कलाकृतियां बनाई गई है। मंदिर के प्रवेश द्वार के ठीक सामने बजरंगबली का भव्य मूर्ति स्थापित है। 

मंदिर प्रवेश द्वार के दाहिने तरफ  शिव पार्वती की अर्धनारीश्वर की मूर्ति स्थापित की गई है जिसका अनावरण समाज के प्रमुख पदाधिकारी एवम समाज जनों की उपस्थिति में कल अष्टमी तिथि को की गई। 

मंदिर के पुजारी प्रमोद प्रधान ने बताया कि यहां शारदीय नवरात्र के दौरान भक्तों द्वारा बड़ी संख्या में आस्था के ज्योत प्रज्जवलित किए जाते हैं। यहां कोलता समाज के साथ-साथ अन्य समाज के लोग भी मनोकामना ज्योत प्रज्वलित करते हैं। नवरात्र में अन्य समाज के लोग भी बड़ी संख्या में देवी के पूजन कार्यक्रम में शामिल होते हैं। 

इस वर्ष मंदिर में 3196 मनोकामना ज्योत जलाए गए हैं। जो कि पिछले वर्ष से करीब 1000 ज्यादा है। मान्यता है कि यहां मनोकामना ज्योत प्रज्वलित कराने से लोगों की मनोकामना पूर्ण होती है। 

मंदिर समिति के अध्यक्ष चंद्रकांत भोई ने बताया कि मंदिर में प्रतिदिन हवन, पूजन के साथ-साथ भण्डारे का आयोजन रखा जा रहा है। जिसमें हजारों लोग प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। इसके अलावा शाम 4 से 7 बजे तक प्रतिदिन कीर्तन बैठकी कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। आगामी 27 अक्टूबर को रामचंडी दिवस के दिन यहां महाभंडारा आयोजित है। 

बाबा बिशासहे कुल कोलता समाज के संरक्षक हरिचरण प्रधान, अध्यक्ष गिरधारी साहू ने बताया कि पिछले वर्ष रामचंडी दिवस के अवसर पर पहुंचे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गढफ़ुलझर स्थित मां रामचंडी मंदिर परिसर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की घोषणा कर चुके हैं। मंदिर परिसर के चारों ओर प्राकृतिक रूप से हरे भरे पेड़ लगे हुए हैं। फुलझर की प्राचीन ऐतिहासिक किले में विराजित मंदिर का मनोरम दृश्य देखते ही बनता है। यहां का विहंगम दृश्य लोगों को बरबस ही अपनी ओर आकर्षित करता है। यहां मानसरोवर एवं रानीसागर तालाब, भोग शाला, यज्ञ शाला, मंदिर परिसर में ही ज्योत कक्ष, समीप में नर्सरी, बजरंगबली एवं महादेव पार्वती की अर्धनारीश्वर की विशाल प्रतिमा आदि दर्शनीय स्थल है। मंदिर परिसर प्राचीन परकोटे से घिरा हुआ।
 


अन्य पोस्ट