महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,17 अक्टूबर। टीबी मुक्त जिला के लिए सेम्पल कलेक्शन और मरीजों को दवा सेवन कराने में महासमुंद जिला दूसरे स्थान पर पहुंच चुका है। इस वक्त प्रथम स्थान पर सुकमा है। संभावना व्यक्त की जा रही है कि महासमुंद जिला प्रथम स्थान की ओर अग्रसर है। आगामी दिसंबर में इसकी रिपोर्ट आने की संभावना है। टीबी मुक्त जिला बनाने में विभाग को और कितनी मेहनत करनी पड़ेगी, यह समय आने पर ही पता चलेगा।
जनवरी से सितंबर तक मिले आंकड़ों के मुताबिक विभाग ने कुल 545 ग्राम पंचायतों में से 350 ग्राम पंचायतों में जाकर सैम्पल कलेक्ट कर पॉजिटिव टीबी मरीजों का उपचार शुरू कराया है। अब तक 9 माह में 22 हजार से अधिक सेम्पल कलेक्ट किये जा चुके हैं। जो वर्ष 2015 महज 5 हजार थे। इनमें 997 टीबी मरीजों का उपचार चल रहा तथा हेल्दी फूड सेवन करने के लिए मरीजों को प्रतिमाह 500 रुपए निक्षय राशि भी प्रदान की जा रही है।
मालूम हो कि स्वास्थ्य विभाग को पिछले वर्ष महासमुंद जिले में प्रति 8 लोगों की जांच में 1 टीबी पॉजिटिव मरीज मिला था जो अब 32 जांच के पीछे 1 मरीज मिल रहा है यानी पूर्व की अपेक्षा इन 9 माह में टीबी मरीजों के आंकड़ों में गिरावट दर्ज की गई है। विभाग को लक्ष्य मिला कि प्रति हजार 30 लोगों का सेम्पल कलेक्ट करना है। जिस दिन हजार के पीछे टीबी मरीजों का आंकड़ा शून्य मिलेगा, उस दिन टीबी के विरुद्ध हमारी जीत दर्ज हो जाएगी।
जिले के तमाम शासकीय अस्पतालों में टीबी मरीजों की जांच हो रही है। जिसमें टीबी के साथ ही शुगर, बीपी सहित गंभीर बीमारियों से ग्रस्त लोगों की जांच की जा रही है। इसके तहत सभी निजी चिकित्सालयों, नर्सिंग होम्स, सूची प्राप्त कर टीबी व कुष्ठ के पोर्टल में इन्द्राज कर रहे हैं। इस दौरान जांच की जरूरत वाले संदिग्ध मरीजों का नि:शुल्क सैंपल भी लिया जा रहा है। जिले के सभी अस्पतालों में सिविनाट मशीन दी जा चुकी है।
जिले को टीबी मुक्त बनाने 545 ग्राम पंचायतों को फोकस कर रहा है। इस बार केवल स्वास्थ्य विभाग नहीं बल्कि टीबी को खत्म करने के लिए कलेक्टर सीईओ के मार्गदर्शन में पंचायत स्तर के जनप्रतिनिधि,अधिकारी, सरपंच, पंच, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एक साथ मिलकर काम कर रहे हैं। इसके पूर्व टीबी मुक्ति को लेकर नेशनल एलिमिनेशन सर्टिफिकेट तथा कांस्य पदक के लिए महासमुंद जिले ने भाग लिया था। लेकिन इसमें किसी कारणवश विभाग को सफलता नहीं मिल पाई थी। इससे सीख लेते हुए अब पुन: एक बार पंचायत स्तर पर इस कार्यक्रम को चलाया जा रहा है। जिसमे घर.घर मरीजों की जांच दी की जा रही है। जिला कार्यक्रम समन्वयक उत्तम श्रीवास ने बताया कि सीएमएचओ पी के कुदेशिया तथा नोडल अधिकारी विकास चंद्राकर के मार्गदर्शन में अभियान को द्रुत गति से चलाया जा रहा है। ताकि दिसंबर तक हम प्रथम स्थान को अचीव तीन कर सकें। इसके लिए पृथक-पृथक टीमें कार्य पर लगी हुई है। रोजाना शाम उनसे रिपोर्ट ली जाती है।