महासमुन्द
कलेक्टर के नाम उपसरपंच व पंचों का शिकायत पत्र
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 अक्टूबर। उप सरपंच हुलसी चंद्रकार, पंच सुरेन्द्र धीवर, जितेन्द्र कुमार ग्राम पंचायत बेलसोंडा ने कलेक्टर से शिकायत पत्र में कहा है कि बेलसोंडा सरपंच के सपोर्ट में आकर जांच अधिकारी अशोक साहू तथा टीम ने गलत जांच प्रतिवेदन तैयार किया है। प्राचार्य द्वारा एक लिखित प्रमाणित दस्तावेज हमारे पास है, जिसमें स्पष्ट है कि सरपंच ने अपने बचाव में शेड कक्ष को कुटीर भवन सिद्ध करने की कोशिश की हैं।
कलेक्टर को लिखे पत्र में हुलसी ने लिखा है-मैं हुलसी चन्द्राकर ग्राम पंचायत बेलसोंडा की उपसरपंच हूं। अशोक साहू, जितेन्द्र चंद्राकर, सुरेन्द्र चंद्राकर के साथ आवेदन देती हूं कि हमारे गांव के शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल बेलसोंडा में कहीं पर भी कुटीर भवन नहीं बना है। स्कूल के वर्तमान प्रचार्य ने अपने स्कूल के लेटर पेड में दस्तावेज दिया गया है कि स्कूल प्रांगण में कुटीर भवन नहीं है। फिर भी स्कूल के शेड युक्त स्टोर रूम को गांव की सरपंच कुटीर भवन है कहकर जांच करा रही हैं। जिला पंचायत की टीम भी उसी शेड को कुटीर भवन सिद्ध करने का प्रयास कर रहे हैं। यह शेड युक्त स्टोर रूम शिक्षकों के सहयोग से बना है। पंचायत के सचिव गावस्कर दास मानिकपुरी ने इस शेड के लिए तीन सीमेंट शीट एवं 2 लोहे का गोल पाइप सहयोग में दिया था।
सरपंच के खिलाफ शिकायत में इन्होंने कहा है कि शिक्षण व्यवस्था के नाम पर निकला 25 हजार रुपए का अवलोकन करके बगैर जांच किए प्रतिवेदन देकर मूल दोषी सरपंच एवं सचिव को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने सरपंच पर आरोप लगाया है कि गांव में स्थित शासकीय उच्चतर, माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में मिडिल स्कूल व हाई स्कूल कक्षों के बीच खाली जगह में छात्रों की सुरक्षा व दीवार खिडक़ी को बारिश से बचाने हेतु शेडयुक्त स्टोर रूम का निर्माण कराया गया है। उक्त निर्माण में संस्था के शिक्षक के स्वयं व्यय व सहयोग के द्वारा बनाया गया है। शेड के गोल रूम के बाहर तीन सीमेन्ट शीट व दो लोहे का गोल पाइप का सहयोग पंचायत सचिव के माध्यम प्राप्त हुआ है। इसे सरपंच कुटीर भवन कह रही हैं। जबकि कुटीर भवन गांव में कहीं बना ही नहीं है। गांव की सरपंच इसे कुटीर भवन सिद्ध करने का प्रयास कर रही हैं और जांच टीम भी उसे कुटीर भवन का नाम देकर प्रतिवेदन बनाने की कोशिश कर रहे हैं।