महासमुन्द
पत्नी के साथ भी धक्का-मुक्की, 3 गिरफ्तार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,15 अक्टूबर। सरायपाली बस्ती में एक चाय दुकान में शराब के लिए पैसे नहीं देने पर कुछ युवकों ने दुकान संचालक पर चाकू से कई वार किया। उसकी पत्नी के साथ भी धक्का-मुक्की की है। चाय दुकान संचालक की पत्नी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
सरायपाली थाने से मिली जानकारी अनुसार सीमा पाण्डेय पति मनिन्दर पाण्डेय बस्ती सरायपाली चौक ने आरक्षी का केन्द्र में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह अपने पति के साथ बस्ती सरायपाली चौक एक चाय की दुकान चलाती है। शनिवार की शाम 5 बजे उनके दुकान पर हिमांशु सोना उर्फ सुमीत मुण्डा, रमेश उर्फ तीरथ पटेल और देवेश सेठ आये। तीनों ने उधारी में गुटखा व सिगरेट की मांग की। पति के द्वारा मना करने पर तीनों उन्हेंमारने की धमकी देकर चले गए। रात्रि लगभग 9 बजे पुन: वे तीनों मोटर सायकल में आये और शराब पीने के लिए पैसे की मांग करने लगे। जब चाय दुकान संचालक ने मना किया तो जान से मारने की धमकी देते हुए हिमांशु ने बटनदार चाकू से उसकी पीठ पर तीन-चार जगह पर वार कर दिया।
देवेश सेठ के साथ आये अन्य दोनों ने भी मारपीट की। छुड़ाने जाने पर दुकानदार की पत्नी के साथ भी धक्का-मुक्की की। चाय दुकान वाले का समाचार लिखते वक्त अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी शिवानंद तिवारी ने तत्काल टीम गठित कर उन्हें आरोपियों की पतासाजी के लिए रवाना किया।
पुलिस का कहना है कि युवा पीढ़ी नशे की चपेट में हैं। यह उनके लिए एक फैशन की तरह हो गया है। वे अप्रिय घटना को अंजाम देने से बाज नहीं आते।
घटना के बाद कुछ ही देर में तीनों आरोपी पकड़े गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 294, 506, 323, 327, 34 भादवि के तहत उन्हें जेल भेज दिया है।