महासमुन्द

रात्रि 10 बजे के बाद गरबा आदि सार्वजनिक कार्यक्रम प्रतिबंधित रखने की मांग
11-Oct-2023 3:10 PM
रात्रि 10 बजे के बाद गरबा आदि सार्वजनिक कार्यक्रम प्रतिबंधित रखने की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11अक्टूबर।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश अनुसार रात्रि 10 बजे के बाद गरबा आदि सार्वजनिक कार्यक्रम प्रतिबंधित रखने, कार्यक्रम स्थल पर तय भीड़ से अधिक भीड़ होने की स्थिति में गहमा-गहमी या झूम झटकी की स्थिति निर्मित नहीं होने देने, यदि ऐसी स्थिति होती है, तो गरबा आयोजन समिति के सदस्यों पर तत्काल एफ आई आर दर्ज करने की मांग को लेकर सर्व हिंदू समाज ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है।  

सर्व हिंदू समाज का कहना है कि नवरात्र हिंदुओं की आस्था, विश्वास और आराधना-उपासना का पर्व है। गरबा भी देवी आराधना का एक ही स्वरूप है। मगर नगर की विभिन्न गरबा पंडालों में खुलेआम फिल्मी गीतों पर देर रात तक गरबा नृत्य का आयोजन किया जाता है जिससे हिंदू आस्था एवं संस्कृति को गहरी ठेस पहुंचती है। अत: इस पर रोक लगाने हेतु जिला प्रशासन को ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है।

सर्व हिंदू समाज ने कहा है कि रोक नहीं लगाने की स्थिति में सर्व हिंदू समाज महासमुंद कार्रवाई के लिए बाध्य होगा। इनका कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश अनुसार रात्रि 10 बजे के बाद सार्वजनिक कार्यक्रम प्रतिबंधित रहता है। साथ ही कार्यक्रम स्थल में तय भीड़ से अधिक भीड़ होने की स्थिति में अगर गहमा-गहमी या झूम झटकी की स्थिति निर्मित होती है। 
यदि ऐसा हुआ तो गरबा आयोजन समिति के सदस्यों पर तत्काल एफ आई आर दर्ज की जाए तथा जुर्माना लगायी जावे।

सर्व हिंदू समाज की मांग है कि जिला प्रशासन नवरात्र पर्व पर होने वाले गरबा नृत्यों में फिल्मी गीतों को प्रबंधित करें, पारंपरिक गरबा भक्ति गीतों पर ही गरबा नृत्य हो, गरबा रात्रि 10 बजे तक बंद करें। मांग करने वालों में विश्व हिंदू बजरंग दल, सर्व हिंदू समाज के भरत चंद्राकर, अग्रज शर्मा, अखिलेश लुनिया जिला मंत्री विश्व हिंदू परिषद, कान्हा प्रधान बजरंग दल संयोजक, नरेश नायक विद्यार्थी प्रमुख, संजय यादव सत्संग प्रमुख, राहिल गुप्ता नगर विद्यार्थी प्रमुख आदि शामिल हैं। 


अन्य पोस्ट