महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 11 अक्टूबर। प्रदेश में चुनाव की घोषणा होते ही आचार संहिता लग गयी है। आदर्श आचार संहिता की जानकारी देने एवं शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव के लिए पिथौरा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व डॉ.रवि राज ठाकुर ने पत्रकारों एवं राजनीतिक दलों की बैठक ली।
बैठक के दौरान स्थानीय थाना प्रभारी के इस आदेश से सभी हैरान रह गए जिसमें उन्होंने यह बताया कि शांति व्यवस्था हेतु दो अलग-अलग पेट्रोलिंग टीमों का गठन किया जा रहा है, किसी भी इमरजेंसी में आप पेट्रोलिंग टीम को ही मोबाइल करे उन्हें कोई भी कॉल नहीं करेगा।
बैठक में जिले से नियुक्त मुख्य प्रशिक्षक द्वारिका पटेल द्वारा अचार संहिता में क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए इसकी जानकारी विस्तार से दी। इसमें बताया गया कि जिले में अब से निर्वाचन संपन्न होने तक धारा 144 प्रभावशील रहेगी। कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार का घातक अस्त्र-शस्त्र लेकर सार्वजनिक स्थान या सडक़ पर नहीं चल सकेगा।
धारा 144 लागू होने पर बंदूक, राइफल, भाला, बरछी, लाठी या अन्य घातक हथियार और विस्फोटक सामग्री लेकर सार्वजनिक सभाओं, रैली, जुलूस में शामिल नहीं हो सकेगा। राजनीतिक दल या अभ्यर्थी शस्त्र के साथ जुलूस नहीं निकाल सकेंगे। आपत्तिजनक पोस्टर बांटने पर भी प्रतिबंध रहेगा। जिले की सीमा के अंदर व्यक्ति या व्यक्तियों का समूह सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना सभा, रैली या जुलूस नही निकाल पाएंगे और न ही कोई धरना प्रदर्शन किया जा सकेगा।
50 फीसदी मतदान केंद्र की वीडियो रिकॉर्डिंग
अनुविभागीय अधिकारी डॉ. आर आर ठाकुर ने बताया इस बार अनुविभाग के कुल 50 फीसदी मतदान केंद्रों की मतदान प्रारंभ से अंत तक कि वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी।
80 से ऊपर या दिव्यांग के लिए घर पहुंच मतदान सेवा
इस चुनाव में 80 वर्षीय अस्वस्थ्य वृद्धों एवं 40 फीसदी से अधिक दिव्यांगों के लिए उनके अनुरोध पर घर पर ही बैलेट पेपर से मतदान करने की सुविधा होगी।परन्तु इसके लिये अधिसूचना के पूर्व आवेदन करना होगा। मतदान केंद्र में व्हील चेयर की व्यवस्था पूर्ववत रहेगी।
मुझे कोई कॉल नहीं करेगा - थाना प्रभारी
नगर में नए आये थाना प्रभारी ने बैठक में पत्रकारों एवं पार्टी नेताओं को यह निर्देश देकर चौंका दिया कि चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था हेतु दो मोबाइल टीम बनाई गई है। जो कि सभी तरफ घूमती रहेंगी। आप किसी भी स्थिति में मुझे बिल्कुल भी कॉल नहीं करेंगे। किसी भी स्थिति के लिए मोबाइल टीम को ही कॉल कर सूचना दे। थाना प्रभारी के इस निर्देश पर सभी शांत एवं निरुत्तर दिखाई दिए।
बैठक में मुख्यत: भाजपा के मण्डल अध्यक्ष नरेश सिंघल,मंडी अध्यक्ष कार्तिक राम ठाकुर, प्रेस क्लब अध्यक्ष रजिंदर खनूजा, श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिलाध्यक्ष स्वप्निल तिवारी, संतोष गुप्ता, देव पटेल, ताराचंद पटेल, ललित मुखर्जी, विजय गुप्ता सहित अनेक पत्रकार, तहसीलदार द्वय एवं जनपद के मुख्यकार्यपालन अधिकारी उपस्थित थे।