महासमुन्द
दो ने भागकर जान बचाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा /महासमुंद, 9 अक्टूबर। बलौदाबाजार वन मंडल के अर्जुनी वन परिक्षेत्र में बीती रात अकेले घूम रहे हाथी ने तीन ग्रामीणों पर हमला कर दिया। जिसमें एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं दो ग्रामीणों ने भाग कर अपनी जान बचाई।
ग्रामीण सूत्रों के अनुसार तीन दिनों से पिथौरा वन परिक्षेत्र के खैरखुटा गांव की गलियों में हाथी विचरण करता हुआ शनिवार सुबह देवपुर, बार अभ्यारण्य पहुंचा। बीती रात हाथी अर्जुनी वन परिक्षेत्र एवं गिरौदपुरी पुलिस चौकी के तहत कक्ष क्रमांक 369 दलदली परिसर पहुंचा था। यहां कुछ ग्रामीण बगैर किसी कारण के जंगल गए थे, जिन्हें देखकर अकेला भूख से परेशान होकर घूम रहा हाथी भडक़ गया और उक्त ग्रामीणों को दौड़ाने लगा।
इस दौरान दो ग्रामीण तेज रफ्तार से दौड़ते भाग गए, परन्तु एक ग्रामीण गरीबलाल पिता बाबूलाल सतनामी (45) हाथी की पकड़ में आ गया। गरीब लाल की मौके पर ही मौत हो गई। उसके शव की क्षत विक्षत हालत देखने से इसका अनुमान सहज ही लगाया जा सकता है कि हाथी ने गुस्से में उसको पटक पटक कर मारा है।
बहरहाल, वन विभाग द्वारा समीप के ग्राम सिंघीखार के ग्रामीण के शव को पंचनामा के पश्चात गिरौदपुरी चौकी के सुपुर्द किया है। पुलिस द्वारा शव के पोस्टमोर्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। वन विभाग द्वारा मृतक परिवार को अंतिम संस्कार हेतु 25 हजार की तात्कालिक आर्थिक सहायता प्रदान की है। शेष 5 लाख 75 हजार रुपए प्रकरण के बाद दिए जाएंगे।
घटनास्थल पर वन मंडल अधिकारी मयंक अग्रवाल, एसडीओ कसडोल राकेश चौबे सहित वन अमला पहुंचकर कार्रवाई में जुटा रहा।
मालूम हो कि शुक्रवार की सुबह वन परिक्षेत्र के ग्राम खैरखुटा की गलियों में सुबह-सुबह चहल कदमी करते दिखा था। जिसे खदेडऩे एवं ग्रामीणों को अलर्ट करने के लिए भी कोई वन अफसर एवं कर्मी नहीं पहुंचे। हाथी के पीछे ग्रामीण बच्चे एवं युवा भागते दिखे थे। इसके बाद उक्त हाथी देवपुर बार अभ्यारण्य पहुंच गया। जहां वन अधिकारी हाथी को सुरक्षित स्थान की ओर खदेडऩे जुटे थे, परन्तु हाथी बार कोठरी होते हुए अर्जुनी परिक्षेत्र की ओर बढ़ गया था। इसी स्थान पर अंतत: उक्त हाथी ने एक ग्रामीण को पटक-पटक कर मार दिया।
——-