महासमुन्द
भाजपा महिला मोर्चा में एक हजार महिलाओं का प्रवेश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा नारी शक्ति वंदन विधेयक पास होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करने शंकराचार्य सांस्कृतिक भवन में वृहद महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य महिला मतदाताओं को भाजपा से जोडऩा तथा केंद्र सरकार के जनकल्याणकारी योजनाओं से उन्हें अवगत कराना था। इस दौरान महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुधा साहू के नेतृत्व एक हजार महिलाओं को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता दिलाकर महिला मोर्चा में शामिल किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में सांसद चुन्नीलाल साहू, राज्यसभा सदस्य व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडे, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत, प्रदेश पदाधिकारी विभा अवस्थी प्रमुख रूप से शामिल हुईं। पं. दीनदयाल उपाध्याय, पं. श्यामाप्रसाद मुखर्जी व भारत माता के चित्र की पूजा अर्चना कर कार्यक्रम शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद चुन्नीलाल साहू ने महिलाओं को भाजपा में स्वागत करते हुए उनका अभिनंदन किया तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महिलाओं के हित में किए जा रहे कार्यों से अवगत कराया।
सरोज पांडेय ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 9 सालों में महिला सशक्तिकरण का जो कार्य मोदी सरकार ने किया है, वह आज तक किसी ने नहीं किया। उन्होंने राज्य की भूपेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार महिला विरोधी सरकार है। प्रदेश की आधी आबादी माताओं, बहनों को झूठे विश्वास में लेकर शराबबंदी का वादा कर महिलाओं के साथ विश्वासघात किया। नारी अस्मिता की रक्षा व महिला सुरक्षा में में यह सरकार पूरी तरह प्रदेश में विफल साबित हुई है।
कार्यक्रम को महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत व प्रदेश पदाधिकारी विभा अवस्थी ने भी संबोधित किया। स्वागत उद्बोधन जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा श्रीमती सुधा साहू ने किया। श्रीमती साहू ने जिले में महिला मोर्चा द्वारा किए जा रहे कार्यों व महिलाओं को पार्टी से जोडऩे मोर्चा संगठन के प्रयासों को सभा में रखा। कार्यक्रम में 1 हजार महिलाओं का भाजपा का गमछा पहनाकर व श्रीफल भेंटकर पार्टी प्रवेश कराते हुए स्वागत किया गया।
इस दौरान कोरोना काल में विपरीत परिस्थिति में भी अपनी जान की परवाह किए बिना दिन.रात सेवा देने वाले कोरोना वारियर्स, स्वास्थ्य कर्मियों तथा महाविद्यालयीन छात्राओं का सम्मान किया गया। अंत में शंकराचार्य भवन के समक्ष मुख्य मार्ग पर कांग्रेस सरकार के कुशासन व भ्रष्टाचार के विरोध में सरकार के पाप का घड़ा फ ोड़ा गया। इस दौरान मटकों को लेकर महिलाओं ने प्रदर्शन किया। जिसमें मोर्चा की जिला तथा प्रदेश पदाधिकारी मौजूद थीं।
सरोज पांडेय, शालिनी राजपूत व विभा अवस्थी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार के पाप का घड़ा अब भर चुका है। महिलाओं के साथ अनाचार लगातार बढ़ रहे अपराध, ठप कानून व्यवस्था, छोटे-बड़े सरकारी कार्यों में कमीशनखोरी, भ्रष्टाचार व घोटाले हावी हैं। बीते पांच सालों में कांग्रेस सरकार की यही उपलब्धि रही है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में भी जनता इसी तरह कांग्रेस के पाप का घड़ा फोड़ेगी। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में मोर्चा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।