महासमुन्द
जुर्म छिपाने वाले पिता को 5 वर्ष कैद
महासमुंद, 2 अक्टूबर। नाबालिग को बहला फुसलाकर भगाकर ले जाने और रेप के मामले में लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 के विशेष न्यायाधीश योगिता विनय वासनिक ने पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम तोरला निवासी 23 वर्षीय डेविड गजेंद्र उर्फ बबलू को पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत 20 वर्ष सश्रम कारावास और 10 हजार रुपए अर्थदंड से दंडित किया है।
इसी मामले में न्यायधीश ने धारा 363 के तहत आरोपी डेविड गजेंद्र को पांच वर्ष व एक हजार रुपए अर्थदंड तथा 366 के तहत 7 वर्ष के सश्रम कारावास व दो हजार रुपए अर्थदंड से भी दंडित किया है। अर्थदंड की राशि नहीं पटाने पर क्रमश: 6 माह, 1 माह, 2 माह का सश्रम कारावास पृथक से भुगतना होगा। इस मामले में जानबूझकर दोष छिपाने के आरोप में आरोपी के पिता एवेंद्र गजेंद्र को धारा 368 के तहत पांच वर्ष सश्रम कारावास और दो हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है।
अभियोजन पक्ष के मुताबिक 10 फरवरी 2022 को पटेवा थाने में प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उसकी नातिन स्कूल से शाम 5 बजे लौटी और अपने कमरे में पढ़ाई करने लगी। करीब रात्रि 7 बजे खाना खाने के लिए बुलाने पर देखा कि वह कमरे में नहीं है। आसपास पता करने पर भी नहीं मिली। इस पर थाने में गुम इंसान कायम किया गया।
24 फरवरी 22 को पीडि़त बच्ची की बरामदी हुई। पिडि़ता ने पुलिस को बताया कि डेविड गजेंद्र शादी का प्रलो्भन देकर अपने पिता के ग्राम बोकरामुड़ा ले गया था। इस दौरान लगातार उससे रेप किया। इस काम में आरोपी के पिता का सहयोग था।
पुलिस ने विवेचना पश्चात मामला कोर्ट को सौंपा था। जहां आरोप सिद्ध होने पर पिता-पुत्र को सजा सुनाई गई। अभियोजन पक्ष की ओर से पैरवी अतिरिक्त लोक अभियोजक सलीम कुरैशी ने की।