महासमुन्द
महासमुंद,1 अक्टूबर। महासमुंद जिले के स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही हैं। यहां शिक्षा का बेहद बुरा हाल है। ज्यादा दूर जाने की जरुरत नहीं है। जिला मुख्यालय में कलेक्टर कार्यालय से महज एक किलोमीटर और नगर पालिका महासमुंद से 500 मीटर की दूरी पर स्थित महावीर शासकीय प्राथमिक शाला कुर्मी पारा महासमुंद स्कूल का पूरा मैदान और सडक़ नाली के गंदे पानी से लबालब है। तालाब बन चुके इस स्कूल मैदान के सामने पानी निकासी का कोई साधन नहीं है। स्कूल के बच्चे घुटनों तक गन्दे कीचड़ और पानी में चल कर स्कूल जा रहे हैं। प्रशासन आंख बंद करके सोई हुई है।
भूपेंद्र चंद्राकर का कहना है कि जिले में कई स्कूलों की हालत बेहद जर्जर है। बच्चों के लिए बैठने तक के लिए जगह नहीं है। जिला मुख्यालय के स्कूल का ये हाल है तो आप गांव के स्कूलों का अंदाजा लगा सकते हैं। कांग्रेस की सरकार आत्मानंद स्कूल के नाम पर लीपापोती भर कर रही है जबकि जमीनी हकीकत जीरो है। कई स्कूलों में शिक्षक पढ़ाने नहीं आते। अब इस सरकार को बदलने की जरूरत है।