महासमुन्द

बारनवापारा अभ्यारण्य अब जंगल सफारी के अधीन
29-Sep-2023 2:41 PM
बारनवापारा अभ्यारण्य अब जंगल सफारी के अधीन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 29 सितम्बर।
क्षेत्र के प्रमुख बारनवापारा अभ्यारण्य को अंतत: सामान्य वन मण्डल से हटा कर जंगल सफारी के अधीन कर दिया गया। इसके आदेश 15 सितंबर को शासन द्वारा जारी कर दिये गए है। माना जा रहा है कि अब अभ्यारण्य के लिए पृथक बजट मिलेगा जो कि सामान्य वन मण्डल की तरह किसी भी परिक्षेत्र में खर्च नहीं किया जा सकेगा।

वर्षों से अनदेखी झेल रहे बार अभ्यारण्य को अब अपना एक पृथक वन मण्डल मिल गया है। ज्ञात हो कि पूर्व में भी बार अभ्यारण्य एक पृथक वन मण्डल ही हुआ करता था। उस दौरान अभ्यारण क्षेत्र में प्रशासनिक कसावट भी उच्च स्तर की थी।परन्तु इसके बाद सन 2000 में छत्तीसगढ़ निर्माण के बाद बहुत से वन मंडल जैसे उत्पादन अभ्यारण सामाजिक वानिकी जैसे पृथक वन मण्डल समाप्त कर सामान्य वन मंडल के अंतर्गत अंतर्गत विलीन कर दिए गए। इसमें सबसे ज्यादा असर कार्य योजना वन मंडल (वर्किंग प्लान) को समाप्त करने का हुआ जो आज तक अपना प्रभाव दिखा रहा है। जिसके परिणाम स्वरूप आज तक कई वन मंडल के कार्य योजना लंबित पड़े हुए हैं ।

ज्ञात हो कि अभ्यारण वन मंडल की परिकल्पना सेवानिवृत्ति प्रधान मुख्य वन संरक्षक आर एन मिश्रा (भारतीय वन सेवा) ने बहुत पहले की थी। उनका कहना था कि अभ्यारण में पदस्थ अधीक्षक एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी सामान्य वन मंडल अधिकारी के आगे बजट एवं धनादेश के लिए क्यों हाथ फैलाए उनकी अपनी प्रशासनिक व्यवस्था है। यहां यह बताना लाजिमी होगा कि अभ्यारण एवं राष्ट्रीय उद्यान के प्रशासनिक व्यवस्था के तहत मुख्य वन संरक्षक अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक तथा प्रधान वन संरक्षक पूर्व से ही पदस्थ है। मात्र वन मंडल की ही कमी थी जो अब शासन के आदेश के तहत पूरी हो रही है। इसको प्रशासनिक कसावट तो आएगी ही तथा बजट का पूर्ण लाभ मिल पाएगा पूर्व में समान वन मंडल को जो बजट मिलता था उसे वन मंडल अधिकारी सामान्य द्वारा अपने मुताबिक विभिन्न वन परीक्षेत्र में आवंटन कर देता था और इसके पीछे यह दलील दी जाती थी कि वन्य प्राणी तो सामान्य परीक्षेत्र में भी है अत: वहां भी यह किया जाना है विगत वर्षों में ऐसा कोई सामान्य वन मंडल अधिकारी पदस्थ नहीं रहा जो अभ्यारण के प्रति पूरी तरह समर्पित होकर बजट आवंटित करता। 

इससे सामान्य परिक्षेत्र की तुलना में अभ्यारण को कम बजट मिलता है। बार अभ्यारण एवं भोरमदेव अभ्यारण के जंगल सफारी वन मंडल के अधीन करने से दोनों का वन्य प्राणी हेतु प्रबंधन कार्य सम हो जाएगा परंतु यहां एक बात कहना उचित होगा कि अभ्यारण एवं जंगल सफारी में ऐसे वन अधिकारी एवं कर्मचारियों की ही नियुक्ति की जाए जिनकी रुचि वन्य प्राणी के प्रति हो वन्य प्राणी प्रबंधन में हो और वह इस कार्य को सजा के बतौर ना लेवे। 

अभ्यारण्य में उन्हें ही पदस्थ किया जाए जिन्हें कम से कम 10 वर्षों 10 से 15 वर्षों तक वन्य प्राणी या अभ्यारण वन मंडल का अनुभव हो, एवं इन्हें जल्दी से हटाया ना जाए तथा पदोन्नति स्थानांतरण पदस्थापना भी अभ्यारण शाखा द्वारा ही किया जाए। इसमें सामान्य वन मंडल का हस्तक्षेप नहीं हो तभी यह सपना कारगर हो सकता है। नहीं तो पूर्व की तरह ही वन्य प्राणी परेशान होते रहेंगे और अभ्यारण में कुव्यवस्था बनी रहेगी।

उक्त सम्बन्ध में चर्चा के लिए वन मण्डलाधिकारी बलौदाबाजार से मोबाइल द्वारा सम्पर्क का प्रयास किया गया परन्तु उन्होंने काल रिसीव नहीं किया लिहाजा उनका पक्ष नहीं लिया जा सका।

वनमार्ग जर्जर- 1 अक्टूबर से खुल रहा अभ्यारण्य

बार अभ्यारण्य के इस वर्ष एक माह पूर्व ही 1 अक्टूबर से पर्यटकों के लिए खोलने की खबर है। परन्तु विभागीय सूत्र बताते है कि अभ्यारण्य खुलने में मात्र दो दिन शेष है, परन्तु अब तक वन मार्गों की मरम्मत नहीं की गई है। अभ्यारण्य अफसरों को अभी यह भी नही पता कि अभयारण्य को वर्तमान में जंगल सफारी को सामान्य वन मण्डल से जंगल सफारी में स्थानांतरित करने के राजपत्र में प्रकाशित आदेश का भी अब तक पालन नहीं हुआ है। ऐसी स्थिति में आखिर वर्तमान में अभ्यारण्य किसके अधीन संचालित होगा। यह भी अब तक सस्पेंस बना हुआ है।

बहरहाल शासन द्वारा बार अभ्यारण्य के विकास के लिए उसे जंगल सफारी को सौंपने के आदेश के बाद राजपत्र में भी प्रकाशित होने के बाद भी अफसरों की मनमानी के चलते अभ्यारण को संचालित कौन करता है।


अन्य पोस्ट