महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 26 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन यात्रा का रविवार को पिथौरा भाजपा द्वारा स्वागत किया गया। स्वागत समारोह के पूर्व बैनर-पोस्टर से सजे खेल मैदान में छत्तीसगढ़ी आर्केस्ट्रा अनुज शर्मा का कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसका हजारों दर्शकों ने आनन्द लिया।
आर्केस्ट्रा के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हु भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि परिवर्तन यात्रा में उमड़ा यह जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश की जनता ने ठान लिया है कि प्रदेश की वर्तमान सरकार को उखाड़ फेंकना है। उन्होंने कहा कि 5 वर्षों में एक भी वादा इस सरकार ने पूरा नहीं किया, यह सरकार बहनो , बुजुर्गों, विधवाओं, युवाओं, महिलाओं सबके साथ वादाखिलाफी करते आ रही है।
भाजपा की इस आमसभा में प्रमुख रूप से भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव सांसद चुन्नीलाल साहू, भाटापरा विधायक शिवरतन शर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरी शंकर अग्रवाल, पूर्व प्रदेश मंत्री शंकर अग्रवाल,भाजपा जिला अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी, पूर्व क्रेडा अध्यक्ष पुरंदर मिश्रा जगन्नाथ पाणिग्रही , कार्यक्रम प्रभारी प्रेम शंकर पटेल,भाजपा प्रत्याशी अल्का चंद्राकर, श्निरंजन सिन्हा, अमरजीत छाबड़ा,अमित चिमनानी, संध्या परगनिया पूर्व जनपद सहित प्रदेश व जिला कोर ग्रुप के पदाधिकारियों के विशेष आतिथ्य में संपन्न हुआ।