महासमुन्द

सूचना आयोग में झूठा बयान महंगा पड़ा
26-Sep-2023 3:07 PM
सूचना आयोग में झूठा बयान महंगा पड़ा

पच्चीस हजार दण्ड व विभागीय जांच का आदेश

महासमुंद, 26 सितम्बर। पंचायत सचिव को आवेदक का मनीआर्डर से भेजे गये दस्तावेज शुल्क राशि को वापस लौटा करके व सूचना आयोग में झूठा बयान देना एक जनसूचना अधिकारी को महंगा पड़ गया। सूचना आयुक्त एमके त्रिवेदी ने उक्त जनसूचना अधिकारी को 25 हजार रुपए अर्थदण्ड से दंडित किया है। इसके साथ सूचना आयोग ने जिला पंचायत को इस प्रकरण में विभागीय जांच करके अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए अनुशंसा भी की है। 

जानकारी के मुताबिक विनोद कुमार दास आरटीआई कार्यकर्ता ने ग्राम पंचायत भोकलुडीह में 11 दिसम्बर 2019 को सूचना आवेदन भेजा। सचिव ने 470 रुपए जमा करने का पत्र विनोद कुमार को भेजा। यह पत्र आवेदक विनोद कुमार को 11 जनवरी 2020 को मिला। आवेदक ने 13 जनवरी को 470 रुपए मनीआर्डर के माध्यम से राशि सचिव को भेज दिया, लेकिन सचिव ने दस्तावेज शुल्क मनीआर्डर से लेने से इंकार करके राशि वापस कर दिया। 

आवेदक ने सचिव के इस कृत्य से क्षुब्ध होकर प्रथम अपील की। प्रथम अपील में सीईओ जपं पिथौरा ने 17 अगस्त 2020 को आदेश दिया कि जनसूचना अधिकारी आवेदक से राशि प्राप्त करके चाही गई सूचना दस्तावेज उपलब्ध कराएं। इसके बाद भी सचिव ने आवेदक का पुन: मनीआर्डर से भेजा गया, जिस राशि को लेने से सचिव ने इंकार करके वापस कर दिया। छग राज्य सूचना आयोग में 14 दिसम्बर 2020 को आवेदक विनोद ने शिकायत दर्ज कराई जिसमें सुनवाई के दौरान सचिव ने गुमराह करने की कोशिश की। जिस पर आरटीआई कार्यकर्ता विनोद कुमार दास ने आपत्ति व्यक्त किया। तात्कालीक मुख्य सूचना आयुक्त एमके राउत ने प्रकरण की गंभीरता को समझ सीईओ जिला पंचायत महासमुंद को जांच करके जबाब प्रस्तुत करने का आदेश दिया।

सीईओ जिला पंचायत महासमुंद ने 02 अगस्त 2022 को सूचना आयोग को जबाब पत्र प्रस्तुत किया। जवाब पत्र के अनुसार मनीआर्डर से संबंधित जानकारी के लिए प्रवर अधीक्षक डाकघर रायपुर से जबाब मांगा गया। जिसमें प्रवर अधीक्षक ने जवाब दिया कि उक्त राशि को सचिव रोहित पटेल प्राप्तकर्ता ने लेने से इंकार किया है। अत: जांच में पाया गया कि रोहित पटेल दोषी है। 

सूचना आयुक्त एमके त्रिवेदी ने 04 अगस्त 2023 को अंतिम सुनवाई में पाया कि आवेदक के द्वारा मनीआर्डर भेजा हुआ राशि को रोहित पटेल ने लेने से इंकार करके वापस कर दिया है। आवेदक को जानकारी से वंचित रखने एवं सूचना आयोग में झूठ बोलकर आयोग को गुमराह किया है। जिस कारण तात्कालीक जनसूचना अधिकारी सचिव रोहित पटेल को 25 हजार रुपए अर्थदण्ड का आदेश दिया। सीईओ जपं पिथौरा उक्त राशि को नियमानुसार वसूल करके शासकीय कोष में जमा कराएंगे। सूचना आयोग मेें रोहित पटेल द्वारा असत्य कथन करने एवं आवेदक को जानकारी से वंचित रखने के कारण सीईओ जिला महासमुंद को विभागीय जांच कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा भी की गई है। 
 


अन्य पोस्ट