महासमुन्द

निष्ठा, लगन, ईमानदारी,कठिन परिश्रम के बदौलत हम इस मुकाम पर हैं-अरुणा
25-Sep-2023 3:36 PM
निष्ठा, लगन, ईमानदारी,कठिन परिश्रम के  बदौलत हम इस मुकाम पर हैं-अरुणा

महिला नागरिक सहकारी बैंक की 25वीं वार्षिक आमसभा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 सितम्बर।
महासमुंद महिला नागरिक सहकारी बैंक मर्यादित की 25वीं वार्षिक आमसभा अमृतबाई हाईस्कूल परिसर महासमुंद में आयोजित की गई। आमसभा की शुरुआत दीप जलाकर बैंक की अध्यक्ष अरुणा शुक्ला एवं संचालक मंडल के सदस्यों ने किया।

बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप कुमार दवे ने बैंक के प्रगति प्रतिवेदन की सविस्तार जानकारी दी। जिसे उपस्थित सदस्यों ने   सर्वसम्मति से पारित कर अनुमोदित किया। इस अवसर पर बैंक की अध्यक्ष अरुणा शुक्ला ने कहा कि अपने प्रारंभिक काल 26 जून 1998 में क्षेत्र की एक हजार महिलाओं को सदस्य बनाकर एवं उनसे अंश राशि 5 लाख एकत्रित कर बैंकिंग व्यवसाय की शुरुआत की थी। वर्तमान आज तारीख पर आपके सहयोग एवं विश्वास की बदौलत बैंक का व्यवसाय निरंतर बढ़ रहा है। यह सब आपकी प्रेरणा, समर्पण एवं उत्साह से संभव हो सका है। 

उन्होंने कहा कि बैंक के व्यवसाय में निरंतर बढ़ोत्तरी के भागीदार हमारे कर्मचारी भी हैं। जिनकी निष्ठा, लगन, ईमानदारी एवं कठिन परिश्रम के बदौलत हम इस मुकाम तक पहुंच सके हैं। बैंकिंग व्यवसाय में बढ़ोत्तरी हमारे अंशधारियों, पदाधिकारियों एवं कर्मचारी गण की महत्वपूर्ण भूमिका की मैं सराहना करती हूं। महिला नागरिक सहकारी बैंक में खातेदारों की बढ़ती संख्या बैंक के प्रति लोगों के विश्वास एवं सम्मान को दर्शाता है। बैंक की अध्यक्ष की हैसियत से निश्चित ही मेरी जिम्मेदारी अपेक्षाकृत ज्यादा है। अपने दायित्वों के बखूबी निर्वहन हेतु,  मैं आप सभी से सहयोग एवं आशीर्वाद की कामना करती हूं। 

उन्होंने कहा कि बैंक व्यवसाय में और अधिक बढ़ोत्तरी आवश्यक है। इसके लिये दृढ़ इच्छा शक्ति हम सभी के मन में हो, ऐसी प्रार्थना ईश्वर से करती हूं। प्रतिस्पर्धा के दौड़ में इस तरह की भावना ही हमें आगे बढ़ा सकती है। अहम और वहम को त्याग कर हमें रहम को आत्मसात करना है। इससे हमारी प्रगति का मार्ग स्वयं प्रशस्त हो जायेगा। बैंक द्वारा अपने प्रारंभिक काल से ही सदस्यों को उनके अंश राशि पर निरंतर बढ़ते क्रम पर लाभांश दिया जा रहा है। बैंक संचालक मंडल के निर्णय के परिपालन में मुझे घोषणा करते हुये हर्ष हो रहा है कि वर्ष 2022.23 हेतु बैंक सदस्यों को उनकी अंश राशि पर 13 प्रतिशत की दर से लाभांश दिया जाना स्वीकृत किया गया है।

मालूम हो कि इस बैंक में तुलनात्मक दृष्टिकोण से डिजीटल, एटीएम कार्ड, स्वयं के एटीएम मशीन, यूपीआई, मोबाइल एप, आधार सीडिंग व अन्यद्ध सुविधाओं के विस्तार में अग्रसर है। व्यय में बढ़ोत्तरी होने के बावजूद बैंक संचालक मंडल ने अपने सदस्यों को लाभांश देने का निर्णय लिया है। बैंक की उपाध्यक्ष द्वय सती साहू एवं निर्मला चंद्राकर, संचालक ने भी अपने सारगर्भित उद्बोधन में सदस्यों को बैंकिंग सेवाओं से जोडऩे के लिये प्रेरित किया।

बैंक की प्रोफेशनल संचालक एवं अधिवक्ता साधना सिंह ठाकुर,पत्रकार उत्तरा विदानी, डा. रश्मि चंद्राकर, श्यामकुमारी महिलांग, राजेश्वरी तिवारी, तारा चंद्राकर, सुनीता देवांगन  ने भी संबोधित किया एवं सदस्यों को अधिक से अधिक सदस्य बनाने, नये खाते खुलवाने, ऋण वितरण के संबंध में आवश्यक पहल करने की बात कही। अंत में आभार प्रदर्शन बैंक संचालक सुनिता देवांगन ने किया। सभा में संचालक  मीना वर्मा, बैंक प्रतिनिधि सीता डोंडेकर एवं सदस्य राजेन्द्र कौर,सती चंद्राकर, कल्याणी पांडे, सुमित्रा देवांगन, पूर्णिमा शर्मा, शांतिदेवी चंद्राकर, कमला पंचेश्वर, हसिता बघेल, अनिता बंजारे, कुमुदिनी साव, नंदा रंगारी, सरिता साहू, प्रीति साहू, सीमा अंबिलकर, ममता चंद्राकर, कल्याणी चंद्राकर, सुलोचना प्रधान, विमला साहू, चन्द्रकला साहू, नंदिनी प्रधान, बैंक कर्मचारी एवं भारी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।


अन्य पोस्ट