महासमुन्द
महासमुंद, 25 सितम्बर। संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने कहा कि प्रदेश के लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा दिलाने भूपेश सरकार हरसंभव पहल कर रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता राशि को राज्य सरकार ने बढ़ा दिया है। पहले सहायता राशि 20 लाख रुपए दी जाती थी। जिसे बढ़ाकर उसे 25 लाख रुपए कर दिया गया है। अब स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए 25 लाख रुपए सहायता राशि मिलेंगी।
प्रदेश सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए संसदीय सचिव व विधायक श्री चंद्राकर ने कहा कि अब गंभीर बीमारियों के इलाज में राशि की कोई कमी नहीं होगी। मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता राशि को राज्य सरकार ने बढ़ा दिया है। संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विधानसभा के विगत मानसून सत्र में अनुपूरक बजट पर मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत सहायता राशि को 20 लाख रुपए से बढ़ाकर 25 लाख रुपए करने की घोषणा की थी।
इस घोषणा के बाद स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने 20 लाख रुपए से बढ़ाकर 25 लाख रुपए करने का आदेश जारी कर दिया है। संसदीय सचिव व विधायक श्री चंद्राकर ने कहा कि गंभीर रोगों के इलाज के लिए प्रदेश सरकार सबसे ज्यादा सहायता राशि प्रदान कर रही है। वर्तमान में लीवर, किडनी ट्रांसप्लांट और कैंसर जैसी कई गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए ज्यादा धनराशि की जरूरत पड़ती है। जिसे ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री विशेष सहायता योजना शुरू की गई है।
इस योजना में पहले पांच लाख रुपए से अधिकतम बीस लाख रुपए की राशि दी जाती रही है। अब इसे 25 लाख रुपए तक बढ़ा दिया गया है। वहीं प्रदेश के लोगों को विभिन्न अस्पतालों में इलाज की सुविधा दिलाने के लिए डॉ खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना संचालित की जा रही है। इस योजना में अब तक लाखों परिवारों को लाभान्वित किया गया है।