महासमुन्द

महासमुंद में भीड़ के लिए तरस गई परिवर्तन यात्रा: दस हजार भीड़ का टार्गेट था, हजार दो हजार ही आए
25-Sep-2023 2:47 PM
महासमुंद में भीड़ के लिए तरस गई परिवर्तन यात्रा: दस हजार भीड़ का टार्गेट था, हजार दो हजार ही आए

केंद्रीय मंत्रियों ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, कहा- मोदी सरकार गांव गरीब किसान की तरक्की के लिए काम करती है

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 सितम्बर।
दस हजार की भीड़ वाली कल भाजपा की परिवर्तन यात्रा कल हजार दो हजार के बीच ही खत्म हो गई। वैसे तो नदी मोड़ से जिस तरह राहुल चंद्राकर के नेतृत्व में महासमुंद तक पहुंची, उससे सभा के उम्दा होने के कयास शहर वाले लगा रहे थे, लेकिन लोग समारोह में पहुंचते गए और थोड़ी-थोड़ी देर में वापस भी लौटते गए। बहुत सारे लोग तो सभा शुरू होने के बाद लौटते रहे। ऐसे लोगों का कहना था कि जो वक्ता सभा को संबोधित करे रहे हैं उनकी बातें समझ में नहीं आ रही हैं, पता नहीं कौन सी हिंदी बोल रहे हैं। इसी बीच  प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ को बचाने के लिए परिवर्ततन जरूरी है। 

उन्होंने कांग्रेस की भूपेश सरकार को उखाड़ फेंकने का आव्हान करते हुए कि केंद्रीय मंत्रियों द्वारा बताई गई केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। कहा कि मोदी सरकार गांव गरीब किसान की तरक्की के लिए काम करती है।

सूचना प्रसारण राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि देश और प्रदेश आगे बढऩे से हमारे परिवार में समृद्धि आए। हमारे जीवन में भी प्रगति हो। यह हम सब की चाहत है। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को बहुत आगे बढ़ाया है। चाहे अर्थव्यवस्था हो, सुरक्षा हो, हर क्षेत्र में भारत आगे बढ़ा। अलग-अलग राज्यों में विकास हो रहा है। बाहर से निवेश आ रहा है। रोजगार के नए-नए अवसर मिल रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी कांग्रेस की सरकार बदलने का समय आ गया है। 

सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय आयुष राज्यमंत्री महेंद्र मूंजपारा ने कहा कि आप पूछिए पांच साल में छत्तीसगढ़ में क्या हुआ? जो प्रगति देश में हो रही है, मध्य प्रदेश में हो रही है, अन्य राज्यों में हो रही है, यहां पर क्यों नहीं हो रही। यहां पर विकास इसलिए नहीं हो रहा क्योंकि यहां कांग्रेस की सरकार है और इसे बदलने का समय आ गया है। परिवर्तन का समय आ गया है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में जितना विकास हुआ है, वह नरेंद्र मोदी सरकार के कारण हुआ है। सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय आयुष राज्यमंत्री महेंद्र मूंजपारा ने कहा कि मोदी सरकार की योजनाएं कांग्रेस यहां लागू नहीं होने दे रही। इसीलिए अब यहां डबल इंजन की सरकार चाहिए। कांग्रेस दोनों हाथों से राज्य को लूटने का काम कर रही है। 

उन्होंने कहा कि देश में आज गांव गरीब किसान की चिंता होती है क्योंकि आजादी के बाद पहली बार एक गरीब मां का बेटा देश का प्रधानमंत्री बना है। तब गांव में गरीब किसान के लिए काम होता है। राज्य में भूपेश बघेल की सरकार बने पौने 5 साल हो गए। भूपेश बघेल की सरकार ने कोई काम नहीं किया। 

उन्होंने महासमुंद विधायक पर तंज कसते करते हुए कहा कि वे दोनों हाथों से लूट रहे हैं। चंद्रपुर विधायक का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनके पास कितने पैसे देखें। क्या यह शराब का पैसा है? रेत का पैसा है? यह बंडल बंडल नोट कहां से आए? छत्तीसगढ़ की जनता जानना चाहती है। भूपेश बघेल बताएं। भूपेश की सरकार दोनों हाथ से लूटने का काम कर रही है। बिजली का बिल हाफ  होने कहा था। किसी का बिल हाफ  नहीं हुआ।

परिवर्तन यात्रा की इस सभा में यात्रा प्रभारी पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, शिवरतन शर्मा, महेश गागड़ा, निरंजन सिन्हा, सांसद चुन्नीलाल साहू, जिला संगठन प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही, भाजपा जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी, पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर, यात्रा के दिवस प्रभारी पूर्व विधायक डा.विमल चोपड़ा, जिला महामंत्री द्वय प्रदीप चंद्राकर,संजय शर्मा, खल्लारी विधानसभा प्रत्याशी अलका चंद्राकर, विधानसभा प्रभारी प्रफुल्ल विश्वकर्मा, प्रदेश सदस्य इंद्रजीत सिंह गोल्डी, विधानसभा संयोजक चंद्रहास चंद्राकर सहित पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
 


अन्य पोस्ट