महासमुन्द
5 जोन से 680 खिलाड़ी भाग लेंगे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 सितंबर। महासमुंद के मिनी स्टेडियम में 23वीं राज्य स्तरीय शालेय प्रतियोगिता का आयोजन 7 से 10 सितम्बर तक होगा। प्रतियोगिता में बस्तर, बिलासपुर,दुर्ग, रायपुर, सरगुजा जोन से कुल 680 खिलाड़ी शामिल होंगे। जिसमें से प्रत्येक जोन से 136 खिलाड़ी एवं 5 जोन से कुल 100 कोच व मैनेजर रहेंगे। कलेक्टर एवं अध्यक्ष आयोजन समिति प्रभात मलिक के मार्गदर्शन में आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण पर है।
जिला शिक्षा अधिकारी मीता मुखर्जी ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु प्रभारी अधिकारी एवं नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। जिसमें अलग-अलग जोन के लिए आवास व्यवस्था एवं मार्च पास्ट की जोन प्रभारी नियुक्त किए गए हंै। कार्यक्रम का शुभारम्भ 7 सितम्बर को प्रात: 11 बजे मिनी स्टेडियम में होगा। जबकि समापन कार्यक्रम 10 सितम्बर को होगा। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम समिति, यातायात व्यवस्था पेयजल आदि की व्यवस्था के लिए प्रभारी अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। ज्यूरी मेम्बर प्रतिदिन सायंकाल आयोजन की समीक्षा करेगी।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कुल 4 खेल शामिल किए गए हंै। जिसमें हैण्डबॉल 14 से 19 वर्षए बालक-बालिका एवं खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल के 14 वर्ष बालक-बालिका वर्ग शामिल है। हैण्डबॉल में 14 से 19 आयु वर्ग में बालक-बालिका के 160-160 खिलाड़ी भाग लेंगे। वहीं अन्य विधाओं में 60-60 बालक-बालिका खिलाड़ी भाग लेंगे।